राजनांदगांव । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती 25 दिसंबर को सुशासन दिवस के अवसर पर वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्मय से दो साल के धान बोनस वितरण कार्यक्रम में किसानों को राशि उनके खाते में अंतरित की। इस अवसर पर राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम टेड़ेसरा में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व सांसद मधुसूदन यादव एवं पूर्व सांसद अभिषेक सिंह एवं अन्य जन्प्रतिनिधि वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से धान बोनस वितरण समारोह से जुड़े। इस दौरान राजनांदगांव जिले में वर्ष 2014-15 एवं 2015-16 अंतर्गत 1 लाख 5 हजार 480 किसानों को 300 रूपए प्रति क्विंटल धान की दर से 140 करोड़ 30 लाख 93 हजार रूपए का वितरण किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजना अंतर्गत 34 हितग्राहियों को कुल 19 लाख 94 हजार 540 रूपए के सामग्री का वितरण किया गया। इस अवसर पर विकसित भारत संकल्प यात्रा का भी आयोजन किया। किसानों को धान बोनस राशि वितरण प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि हमने सरकार बनते ही गरीबों को 18 लाख आवास देने का निर्णय लिया। कई लोगों ने घर के लिए कर्ज लिया, कई अपना घर बना ही नहीं पाए उनके लिए आवास स्वीकृत किया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी हम पूरी तरह से निभाएंगे। गरीब भूमिहीन मजदूरों को 10 हजार रूपए सालाना भी देंगे। पारदर्शिता के साथ 1 लाख सरकारी पदों पर भर्ती करेंगे। हमारा वादा है हम 5500 मानक बोरा के हिसाब से 15 दिन तक तेंदूपत्ता खरीदेंगे। विवाहित महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना के अंतर्गत हर माह 1000 रूपए देने का प्रावधान भी हमने अनुपूरक बजट में कर दिया है। अब माताओं बहनों के खाते में साल में 12000 रूपए जाएगा। स्वास्थ्य सेवाओं में विस्तार हमारी प्राथमिकता है। अब आयुष्मान कार्ड में 10 लाख रूपए तक नि:शुल्क इलाज का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमने किसानों के हित में निर्णय लिया और 3100 रूपए प्रति क्विंटल धान खरीदने का वादा किया है उसे भी हम जल्द पूरा करेंगे। हमने 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी की भी व्यवस्था की है, इस संदर्भ में हमने आदेश जारी कर दिया है। हम किसानों से उनका पूरा धान खरीदेंगे और जरूरत पडऩे पर समय सीमा भी बढ़ाएंगे।
पूर्व सांसद मधुसूदन यादव ने कहा कि प्रदेश के किसान जागरूक हैं, आज पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्मदिन के अवसर पर किसानों को वर्ष 2014-15 एवं 2015-16 अंतर्गत धान बोनस की राशि का वितरण किया गया है। उन्होंने कहा कि शीघ्र की प्रधानमंत्री आवास योजना के लक्ष्य को पूरा करेंगे एवं महतारी वंदन योजना के लिए भी अनुपूरक बजट में भी प्रावधान किया गया है। किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत शासन द्वारा किसानों के लिए स्थायी कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि किसानों की उन्नति एवं प्रगति होती रहे। छत्तीसगढ़ तेजी से विकास की ओर अग्रसर है और सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है।
पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ के मध्यप्रदेश से विभाजित होकर एक पृथक राज्य के निर्माण का सपना साकार हुआ है और प्रदेश में विकास की गति बढ़ी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत संकल्प यात्रा अंतर्गत वंचित एवं जरूरतमंदों को केन्द्र शासन की योजना से जोड़कर लाभान्वित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है और छत्तीसगढ़ में सुशासन लाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदेश में छत्तीसगढ़ के गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का निर्माण करने के लिए आवास स्वीकृत किया गया है। वहीं दो वर्षों के धान बोनस की राशि देकर हमने वादा पूरा करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब बिक्री की शिकायत पर ध्यान देते हुए कड़ी कार्रवाई करने की आवश्यकता है। आम जनता के हित की बात और उनके कार्य संवेदनशीलता के साथ करने की जरूरत है। जन सेवा के लिए कार्य करना ही हमारा कर्तव्य है।

Facebook Conversations