दुर्ग पुलिस का अभियान जारी, अवैध शराब बिक्री करते आरोपी गिरफ्तार
त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

दुर्ग, । अवैध शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रानीतराई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ग्राम घोरारी श्मशान घाट के पास अवैध शराब बिक्री की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से 153 पौवा देशी एवं अंग्रेजी शराब तथा नकदी जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ग्राम घोरारी श्मशान घाट के पास अवैध रूप से शराब रखकर ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना रानीतराई पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम नौगेन्द्र बंजारे (45 वर्ष), निवासी ग्राम घोरारी बताया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास रखी एक सफेद प्लास्टिक बोरी से बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। आरोपी ने शराब बिक्री करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 88 पौवा देशी प्लेन मदिरा, 42 पौवा देशी शोले मसाला मदिरा और 23 पौवा अंग्रेजी गोवा शराब सहित कुल 153 पौवा शराब जब्त की। इसके अलावा बिक्री की 700 रुपये नकद राशि भी बरामद की गई। जब्त सामग्री का कुल मूल्य लगभग 14,700 रुपये बताया गया है।

आरोपी को 24 जून 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

दुर्ग पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations