रायपुर। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय देर रात नकटी गांव पहुंचे और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने खुले आसमान के नीचे रात गुजार रहे लोगों की स्थिति का जायजा लिया और उनकी समस्याएं सुनीं।
प्रभावित परिवारों ने विकास उपाध्याय को बताया कि प्रशासन ने आधी रात के बाद बिजली आपूर्ति बंद कर दी, जिसके बाद बुलडोजर चलाकर उनके मकान तोड़ दिए गए। लोगों का आरोप है कि उन्हें अपना सामान सुरक्षित निकालने का पर्याप्त समय भी नहीं दिया गया, जिससे कई परिवार बेघर हो गए।
विकास उपाध्याय ने कहा कि जिन परिवारों के सिर से छत छिन गई है, उनके लिए तत्काल राहत और पुनर्वास की व्यवस्था की जानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी कार्रवाई में प्रभावित लोगों के अधिकारों और सम्मान का ध्यान रखा जाना आवश्यक है।
इधर, प्रभावित परिवारों ने पुनर्वास और उचित मुआवजे की मांग दोहराते हुए कहा कि जब तक उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे। क्षेत्र में स्थिति को देखते हुए प्रशासन भी हालात पर नजर बनाए हुए है।