रायपुर निगम की बड़ी टैक्स वसूली: एक दिन में 1070 संपत्तियों से ₹1.55 करोड़ जुटाए, 30 जून तक टैक्स भरने पर मिलेगी 6.25% की छूट

त्वरित ख़बरें - रायपुर ब्यूरों प्रमुख प्रिया शर्मा

रायपुर। रायपुर नगर पालिक निगम के राजस्व विभाग ने संपत्तिकर वसूली अभियान के तहत 29 जून 2026 को बड़ी सफलता हासिल करते हुए 1070 संपत्तियों से कुल 1 करोड़ 55 लाख 63 हजार 119 रुपये का राजस्व संग्रह किया। निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत निर्धारित लक्ष्य से अधिक वसूली की गई। साथ ही सभी व्यवसायिक संपत्तियों की जांच कर सही कर निर्धारण करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

राजस्व वसूली में विभिन्न जोनों का भी उल्लेखनीय योगदान रहा। जोन-3 ने 90 संपत्तियों से 10.98 लाख रुपये, जोन-4 ने 90 संपत्तियों से 20.85 लाख रुपये, जोन-5 ने 119 संपत्तियों से 15.03 लाख रुपये, जोन-7 ने 64 संपत्तियों से 11.01 लाख रुपये, जोन-8 ने 120 संपत्तियों से 18.96 लाख रुपये, जोन-9 ने 196 संपत्तियों से 20.55 लाख रुपये तथा जोन-10 ने 136 संपत्तियों से 12.06 लाख रुपये की वसूली की।

निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे 30 जून 2026 तक वित्त वर्ष 2026-27 (वर्तमान वर्ष) का संपत्तिकर पूर्ण रूप से जमा कर अधिकतम 6.25 प्रतिशत की छूट का लाभ उठाएं। निगम का कहना है कि समय पर कर जमा करने से नागरिकों को आर्थिक लाभ मिलेगा और शहर के विकास कार्यों के लिए राजस्व भी उपलब्ध होगा।

इसके साथ ही निगम आयुक्त ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी व्यवसायिक संपत्तियों का सर्वे कर उनका सही टैक्स निर्धारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि राजस्व संग्रह में पारदर्शिता और प्रभावशीलता बनी रहे।