छत्तीसगढ़ ,के जांजगीर-चांपा जिले में रह रहे एक युवक को संदिग्ध विदेशी संपर्कों के मामले में सुरक्षा एजेंसियों ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। शुरुआती जांच में युवक के मोबाइल फोन से पाकिस्तान और सऊदी अरब के नंबरों पर हुई बातचीत और चैट के कुछ इनपुट मिले हैं।
सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसियों को युवक के मोबाइल और सोशल मीडिया गतिविधियों में कुछ संदिग्ध जानकारियां मिली हैं। इसी आधार पर उससे पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि एजेंसियां इस बात की भी जांच कर रही हैं कि युवक का संबंध पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े किसी नेटवर्क से तो नहीं है।
प्राथमिक जांच में ड्रोन के जरिए हथियार उपलब्ध कराने की संभावित योजना से जुड़े कुछ इनपुट भी सामने आए हैं। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक इस संबंध में किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
जांच एजेंसियां युवक के कॉल डिटेल रिकॉर्ड, चैट हिस्ट्री, बैंक लेनदेन और विदेशी संपर्कों की जानकारी खंगाल रही हैं। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह किन लोगों के संपर्क में था और उसके संबंध किसी संगठित नेटवर्क से हैं या नहीं।
अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी प्रारंभिक चरण में है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। एजेंसियों ने लोगों से अपुष्ट सूचनाओं और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
जांच पूरी होने और आधिकारिक बयान जारी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल, युवक से पूछताछ जारी है और सुरक्षा एजेंसियां मामले पर नजर बनाए हुए हैं।