दुर्ग, पुलिस के नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना उतई पुलिस ने अवैध शराब परिवहन और बिक्री करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 62 पौवा देसी शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 21 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 KA 5938 से ग्राम पतोरा क्षेत्र में अवैध शराब का परिवहन कर रहे हैं। सूचना मिलते ही उतई पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम पुरेंद्र ठाकुर (35) निवासी ग्राम बोरहाडीह और शिवराम यादव (50) निवासी ग्राम चुनकट्टा, थाना उतई बताया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक प्लास्टिक बोरी में रखी 32 पौवा देसी प्लेन शराब (5.76 बल्क लीटर) बरामद की गई। पुलिस ने शराब और मोटरसाइकिल जब्त कर दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया।
इसी दौरान पुलिस को एक अन्य सूचना मिली कि मुक्तिधाम रोड, ग्राम पतोरा में एक व्यक्ति अवैध शराब बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी दिलेश कुमार पारधी (24) निवासी ग्राम गनियारी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 30 पौवा देसी मसाला शराब (5.40 बल्क लीटर) बरामद की गई।
तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से अवैध रूप से शराब का परिवहन और बिक्री कर रहे थे।
इस कार्रवाई में थाना उतई के निरीक्षक अनिल कुमार पटेल, सउनि नरेंद्र सोनी, प्रधान आरक्षक मदनलाल साहू, आरक्षक महेश यादव, अविनेश प्रताप सिंह, ध्रुव नारायण चंद्राकर और दिलीप सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग police ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब, मादक पदार्थों और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। नशे से जुड़े अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।