रायपुर। राजधानी रायपुर के व्हीआईपी रोड स्थित श्रीराम मंदिर के समीप निर्माणाधीन बड़े नाले का मंगलवार को महापौर मीनल चौबे ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और तय समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण कराने के सख्त निर्देश दिए।
नगर निगम जोन क्रमांक-10 के लोक कर्म विभाग द्वारा गंदे पानी की सुगम निकासी और जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से श्रीराम मंदिर से सुलभ शौचालय तक करीब 8 मीटर चौड़े नाले का निर्माण कराया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद एवं एमआईसी सदस्य डॉ. अनामिका सिंह, जोन-10 के जोन कमिश्नर मोनेश्वर शर्मा, कार्यपालन अभियंता गजाराम कंवर, उप अभियंता निवृत्ति परमार तथा संबंधित ठेकेदार उपस्थित रहे।
महापौर मीनल चौबे ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता किए बिना कार्य को शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि आगामी बारिश के दौरान क्षेत्रवासियों को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।