‘जब किसी का आत्मविश्वास लड़खड़ाता है तो उनकी जुबान भी लड़खड़ा जाती है’, अखिलेश यादव ने मोदी पर साधा निशाना...

त्वरित ख़बरें -सत्यभामा दुर्गा रिपोर्टिंग

 सपा प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने देवरिया के बेल्थरारोड स्थित जीएमएएम इंटर कॉलेज मैदान में चुनावी सभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी और भाजपा पर जमकर निशाना साधा. अखिलेश यादव ने कहा कि जब किसी का आत्मविश्वास लड़खड़ाता है तो उनकी जुबान भी लड़खड़ा जाती है. ये इसी लिए बोल रहे हैं क्योंकि जनता उनका साथ नहीं दे रही है.अखिलेश यादव ने कहा कि पश्चिम से हवा चली थी. सातवें चरण में ज्यादा उत्साह से इंडी गठबंधन तेजी से आगे बढ़ रहा है. जो 400 का नारा दे रहे थे, वह 400 से हार कर जाएंगे. जनता का गुस्सा बढ़ता जा रहा है. इस गुस्से का सामना भाजपा नहीं कर पाएगी. झूठे वादे करने वाले छठे चरण में 400 से हार रहे हैं. 140 सीटें जीतने जा रहे हैं. देश की जनता 140 पर इन्हें समेट देगी. अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों से झूठ बोल कर सत्ता हथियाने वाली भाजपा किसानों को उनके उपज का लाभकारी मूल्य भी नहीं दिलवा सकी. खाद में चोरी की गई. जिस तरह से बडे़- बडे़ उद्योगपति भारत छोड़ कर चले गए उसी तरह से नैनो यूरिया वाले भी देश छोड़ कर चले जाएंगे. इंडिया गठबंधन की सरकार बनते ही किसानों का कर्ज माफ होगा. किसानों की एमएसपी को कानूनी दर्जा दिया जाएगा. अखिलेश यादव ने कहा कि इस सरकार में 10 से ज्यादा पेपर लीक हुए हैं. गरीबों पर भाजपा की सरकार बुलडोजर चलवा देती है, लेकिन पेपर लीक करने वालों पर बुलडोजर नहीं चला. जो नौजवान नौकरी के लिए तैयारी करते थे, इस सरकार ने चार साल की अग्निवीर की व्यवस्था कर नौजवानों का भविष्य बर्बाद कर दिया. इंडिया गठबंधन की सरकार बनते ही अग्निवीर व्यवस्था को समाप्त कर स्थायी नौकरी दी जाएगी.