दुर्ग पुलिस की त्वरित कार्रवाई: कत्ल के 24 घंटे के भीतर पुलिस की गिरफ्त में आए हत्या के सभी 7 नाबालिग आरोपी

त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

छत्तीसगढ़, के दुर्ग जिले में 1,500 रुपये के लेनदेन के विवाद में 26 वर्षीय युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। थाना मोहन नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 24 घंटे के भीतर मामले में शामिल सात नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार, 18 जून की रात शक्ति नगर स्थित पशु आहार किसान राइस मिल के कुएं में यशवंत सारथी (26) का शव बरामद हुआ था। प्रारंभिक जांच में युवक के सिर पर भारी वस्तु से हमला करने और सीना, पेट व पीठ पर कटर से वार किए जाने के साक्ष्य मिले।

जांच के दौरान पता चला कि मृतक ने मुख्य आरोपी से 1,500 रुपये उधार लिए थे, जिन्हें वापस नहीं करने को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। आरोप है कि मुख्य आरोपी ने 17 जून की रात फोन कर यशवंत को घटनास्थल पर बुलाया और पहले से मौजूद अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपियों ने शव को कुएं में फेंक दिया।

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर घटना में प्रयुक्त पत्थर, कटर और अन्य साक्ष्य जब्त कर लिए हैं। सभी सातों आरोपी अपचारी बालक हैं, जिनकी उम्र 18 वर्ष से कम बताई जा रही है।