रायपुर: छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने प्रदेशभर में लाइनमैन दिवस का आयोजन किया, इसमें विद्युत आपूर्ति करने वाले मैदानीकर्मियों के सम्मान में हर संभाग स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गए. राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी स्थित कल्याण भवन में भी सम्मान समारोह हुआ. जिसमें रायपुर शहर क्षेत्र एवं ग्रामीण क्षेत्र के विपरीत परिस्थितियों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 60 लाइनमैन को सम्मानित किया. इस दौरान ईटीवी भारत ने विद्युत कंपनी के अधिकारियों और लाइनमैनों से बात की.लाइनमैन दिवस पर छलका लाइनमैनों का दर्द: छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी रायपुर ग्रामीण के कार्यपालक निदेशक संदीप वर्मा ने बताया कि भारत सरकार विद्युत मंत्रालय और केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण के द्वारा 4 मार्च का दिन लाइनमैन दिवस के रूप में बनाने का निर्णय दिया गया है. इसी के तहत छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी और देश की अन्य विद्युत कंपनी लाइनमैन का सम्मान कर रही है. लाइनमैन आंधी, तूफान, बारिश जैसी विषम परिस्थितियों में लगातार काम करते हैं. क्षेत्र के तीन सर्कल 12 डिवीजन के विद्युत कर्मी, जो रेग्युलर, संविदा और आउट सोर्स के हैं, उन सभी का सम्मान किया गया है.छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी रायपुर शहर के मुख्य अभियंता एम जामुलकर ने बताया कि सिटी सर्किल में 770 रेग्युलर और आउटसोर्सिंग सहित कर्मियों को पुरस्कृत किया गया है. बिजली काफी महत्वपूर्ण है. थोड़ी देर बिजली बंद होने से लोगों में आक्रोश व्याप्त हो जाता है. वहीं लाइनमैन की सुरक्षा को लेकर जामुलकर ने कहा कि लाइनमैन गर्मी, ठंडी, बरसात में काम करते हैं. इन्हें सुरक्षा किट भी उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे उनके जीवन को सुरक्षित किया जा सके. वे बेहतर काम कर सकें. मॉडर्न तकनीक का इस्तेमाल भी लाइन सुधारने के लिए किया जा रहा है, जिससे बेहतर विद्युत व्यवस्था के साथ लाइनमैन को भी सुरक्षित किया जा सके.
लाइनमैनों का सम्मान: इस दौरान संदीप वर्मा ने बताया कि लाइनमैन दिवस के अवसर पर दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के तीन लाइनमैन को भी सम्मानित किया गया, जिसमे 1. जोगेश्वर प्रसाद वर्मा, सारागांव वितरण केन्द्र, संभाग, रायपुर, 2. भुपेश्वर ध्रुव, मैनपुर वितरण केन्द्र, संभाग संभाग, गरियाबंद और परमेश्वर चंद्राकर, नेहरू नगर जोन, भिलाई पश्चिम संभाग शामिल हैं.