नगर निगम, पुलिस और रेलवे प्रशासन का संयुक्त अभियान, 17 अवैध ठेले जब्त
रायपुर @ रायपुर में अतिक्रमण मुक्त सड़क और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘टीम प्रहरी अभियान’ के तहत रेलवे स्टेशन मार्ग पर बड़ी कार्रवाई की गई। नगर पालिक निगम रायपुर, रेलवे प्रशासन और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर सड़क पर अवैध रूप से लगाए गए लगभग 17 ठेलों को जब्त करते हुए पूरे मार्ग को कब्जामुक्त कराया।
यह कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला तथा रायपुर जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेशानुसार की गई। नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश और जोन क्रमांक 2 के जोन कमिश्नर संतोष पाण्डेय के मार्गदर्शन में अभियान को अंजाम दिया गया। कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता पी.डी. धृतलहरे, उप अभियंता नगर निवेश श्रीमती अंजलि बारले सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
संयुक्त टीम में रेलवे प्रशासन, रायपुर जिला यातायात पुलिस, नगर निगम मुख्यालय के नगर निवेश विभाग के उड़नदस्ता दल तथा जोन 2 नगर निवेश विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल थे। टीम ने रेलवे स्टेशन मार्ग का निरीक्षण कर पाया कि कई ठेले संचालकों ने सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा था, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
कार्रवाई के दौरान सड़क पर संचालित लगभग 17 अवैध ठेलों को जब्त किया गया। इसके अलावा ठेला संचालकों द्वारा उपयोग किए जा रहे तराजू, बाट और अन्य व्यावसायिक सामान भी निगम टीम द्वारा जब्त किए गए। अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए लगातार अभियान चलाकर ऐसे कब्जों को हटाया जा रहा है।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रेलवे स्टेशन क्षेत्र शहर का अत्यंत व्यस्त और संवेदनशील इलाका है, जहां प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आवागमन होता है। सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेले और दुकानों के कारण न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि पैदल यात्रियों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। अभियान के बाद मार्ग पर यातायात व्यवस्था में सुधार देखने को मिला।
प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी है कि सार्वजनिक सड़कों, फुटपाथों और शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम ने नागरिकों और व्यवसायियों से अपील की है कि वे निर्धारित स्थानों पर ही अपना व्यवसाय संचालित करें तथा शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने में प्रशासन का सहयोग करें। टीम प्रहरी अभियान के तहत आने वाले दिनों में भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।