विशेष महाअभियान के दूसरे दिन भी हजारों लोगों ने लगवाई कोरोना टीके की दूसरी डोज
त्वरित खबरें/-कोविड-19 के नए वैरिएंट से निपटने के प्रयास तेज

राजनांदगांव, 16 दिसंबर 2021.

जिले में कोरोना टीकाकरण की पहली डोज का शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा होने के बाद लोगों को टीके की दूसरी डोज भी लगाकर सुरक्षित करने के लिए कलेक्टर के दिशा-निर्देश तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में टीकाकरण के लक्ष्य की पूर्ति के लिए दो दिवसीय विशेष महाअभियान चलाया गया जिसके दूसरे दिन भी जिले में हजारों लाभार्थियों ने कोरोना टीके की दूसरी डोज लगवाई।

कोरोना संक्रमण व इसके नए वैरिएंट ओमिक्रॉन की रोकथाम तथा इससे बचाव का प्रयास करते हुए संक्रमण की संभावित तीसरी लहर की आशंका के बीच जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है। जिला मुख्यालय के साथ ही विकासखंडों में कोरोना जांच की जा रही है। कोविड-19 व इसके नए वैरिएंट ओमिक्रॉन से बचाव के लिए वर्तमान में कोविड टीकाकरण को ही कारगर माना जा रहा है। यही वजह है कि जिले के शत-प्रतिशत लोगों को जल्द से जल्द दूसरी डोज का भी टीका लगाकर सुरक्षित किया जा सके, इस उद्देश्य के साथ ग्रामीण क्षेत्र में मुनादी कराई जा रही है। जनजागरूकता से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। द्वितीय डोज के टीकाकरण का लक्ष्य पूरा करने हेतु शहरी क्षेत्र में भी विभिन्न माध्यमों से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। यह पूरा कार्यक्रम स्वास्थ्य विभाग के साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायत विभाग और राजस्व विभाग के समन्वय से किया जा रहा है। 

जिले में कोरोना टीके की दूसरी डोज लगाने हेतु चलाए गए दो दिवसीय टीकाकरण विशेष महाअभियान में पहले दिन जहां 27,822 लाभार्थियों को टीकाकृत किया गया, वहीं दूसरे दिन दोपहर तक 6,158 लोगों को कोरोना टीके की दूसरी डोज लगाई गई है।

इस बारे में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बीएल तुलावी ने बताया, “दो दिवसीय कोरोना टीकाकरण विशेष महाअभियान के अंतर्गत पहले दिन राजनांदगांव नगर निगम क्षेत्र में 748, विकासखंड अंबागढ़ चौकी में 2023, छुईखदान में 3060, छुरिया में 5479, डोंगरगांव में 2103, डोंगरगढ़ में 3233, खैरागढ़ में 1820, मानपुर में 788, मोहला में 1236 और घुमका में 3955 लाभार्थियों को कोरोना टीके की दूसरी डोज लगाई गई है। दूसरे दिन भी टीकाकरण का क्रम जारी है”।

इस संबंध में राजनांदगांव के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश चौधरी ने बताया, “देश में कोविड-19 के ओमिक्रॉन वैरिएंट वायरस के पहुंच जाने की वजह से सावधानी बेहद जरूरी है। राजनांदगांव जिले में 11.21लाख लोगों को कोविड वैक्सीनेशन के प्रथम डोज का शत-प्रतिशत टीकाकरण पूर्ण हो चुका है। वहीं द्वितीय डोज से भी शत-प्रतिशत लोगों को टीकाकृत करने हेतु हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। सेकण्ड डोज वैक्सीनेशन की लक्ष्य पूर्ति के लिए ही दो दिवसीय कोरोना टीकाकरण विशेष महाअभियान चलाया गया, जिसमें उल्लेखनीय सफलता मिली है। विशेष महाअभियान के पहले दिन जहां 27,822 लाभार्थियों को टीकाकृत किया गया, वहीं दूसरे दिन दोपहर तक 6,158 लोगों को कोरोना टीके की दूसरी डोज लगाई गई है। साथ ही टीकाकरण का क्रम जारी है। उन्होंने कहा, ‘संग-संग चलही धान तिहार अउ टीका तिहार, अपन परिवार म लावव खुशी के बहार’।

…………………………..

YOUR REACTION?

Facebook Conversations