रायपुर। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर माहेश्वरी महिला समिति, गोपाल मंदिर द्वारा वीर जवानों के शौर्य, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण को समर्पित विशेष कार्यक्रम ‘ऑपरेशन सिंदूर – शौर्य से शांति तक’ का भव्य आयोजन विमतारा हॉल, शांति नगर में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस दौरान भारतीय सेना के अदम्य साहस और देश की रक्षा में उनके अमूल्य योगदान को नमन किया गया। कार्यक्रम में प्रस्तुत विभिन्न देशभक्ति प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को राष्ट्रप्रेम की भावना से भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्योति राठी, माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष राजेश तापड़िया एवं महामंत्री आलोक बागड़ी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की गरिमा कारगिल युद्ध के योद्धा आलोक जी वर्मा की उपस्थिति से और बढ़ गई। उनके उद्बोधन और अनुभवों ने उपस्थित सदस्यों में वीर सैनिकों के प्रति सम्मान और गर्व की भावना को और मजबूत किया।
कार्यक्रम की प्रचार-प्रसार प्रमुख शशि मोहता ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य भारतीय वीर जवानों के शौर्य और बलिदान को नमन करने के साथ समाज में राष्ट्रप्रेम, एकता और शांति की भावना को मजबूत करना था। कार्यक्रम में लगभग 35 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं सदस्यों ने वीर सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और शांति का संदेश दिया। सभी अतिथियों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए आयोजन की सफलता के लिए समिति को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की सफलता में अध्यक्ष कल्पना राठी, सचिव भावना मरदा, कार्यक्रम संयोजिका प्रतिभा नत्थानी एवं रमा मल्ल, तकनीकी संयोजिका नीना राठी सहित समस्त कार्यकारिणी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और वीर जवानों को नमन के साथ हुआ।

Facebook Conversations