पाटन की 108 ग्राम पंचायतों में साइबर जागरूकता अभियान, पंच-सरपंच और स्वसहायता समूहों ने संभाली कमान
त्वरित खबरें :- नेहा साहू रिपोर्टिंग


छत्तीसगढ़ पुलिस के साइबर जागृति अभियान के तहत पाटन अनुभाग की 108 ग्राम पंचायतों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चल रहे इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को साइबर अपराध और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक करना है।

अभियान के दौरान संबंधित थाना स्टाफ ने गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और साइबर ठगी के अलग-अलग तरीकों की जानकारी दी। पुलिस ने अनजान फोन कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी बैंक अधिकारी, KYC अपडेट, ऑनलाइन नौकरी, पुरस्कार और अन्य प्रलोभनों के जरिए होने वाली ठगी से सावधान रहने की समझाइश दी।

ग्रामीणों को विशेष रूप से OTP, UPI PIN, पासवर्ड और बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने के लिए कहा गया। साथ ही डिजिटल लेन-देन करते समय सतर्कता बरतने और संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने की सलाह दी गई।

इस अभियान में पंच, सरपंच और स्वसहायता समूहों के सदस्यों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के सहयोग से साइबर सुरक्षा का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाया गया।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations