उधारी और 77 सब्जी कैरेट मांगने पर विवाद, धारदार हथियार लहराकर मारपीट करने वाला आरोपी गिरफ्तार
त्वरित खबरें :अमित रिपोर्टिंग

भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र में उधारी रकम और 77 नग सब्जी कैरेट वापस मांगने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि आरोपी ने गाली-गलौज और मारपीट करने के बाद वाहन से धारदार हथियार निकालकर लोगों को डराया-धमकाया। सुपेला पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, आकाश गंगा स्थित थोक सब्जी दुकान संचालक ने आरोपी से अपनी उधारी रकम और सब्जी कैरेट वापस करने की मांग की थी। इसी बात को लेकर पारस ज्वेलर्स के पास विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि आरोपी ने पहले दुकानदार के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। बीच-बचाव करने पहुंचे एक व्यक्ति के साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद आरोपी ने अपने वाहन से लोहे का धारदार हथियार निकालकर लहराया, जिससे मौके पर भय का माहौल बन गया।

सूचना मिलने पर डायल-112 और सुपेला पुलिस की टीम ने आरोपी को पकड़कर थाने लाया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 12 इंच लंबा धारदार हथियार भी जब्त किया है।

पुलिस ने आरोपी मिथलेश कुमार चौधरी के खिलाफ संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations