ट्यूबवेल से कॉपर वायर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार; 225 मीटर वायर बरामद
त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

दुर्ग जिले के थाना पुलगांव क्षेत्र में ट्यूबवेल से कॉपर वायर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस ने लगभग 225 मीटर कॉपर वायर और अन्य विद्युत सामग्री बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ लगातार चोरी और संगठित अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम चांगोरी निवासी तुलसीराम देशमुख ने 25 मार्च 2025 को थाना पुलगांव में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके खेत में लगे ट्यूबवेल से करीब 100 मीटर कॉपर वायर चोरी हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर आरोपी चंदू लोहार, वासु यादव और शंकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि चोरी किया गया कॉपर वायर रायपुर निवासी सहल उद्दीन को बेचा गया था। पुलिस ने सहल उद्दीन के कब्जे से लगभग 100 मीटर कॉपर वायर बरामद किया जिसकी कीमत करीब 15 हजार रुपए बताई गई है।

इसी तरह 25 मई 2026 को ग्राम अंजोरा के सरपंच संतोष सारथी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि पंचायत तालाब के पास स्थित ट्यूबवेल से करीब 90 मीटर कॉपर वायर चोरी कर लिया गया है। मामले की जांच के दौरान आरोपियों ने चोरी का वायर रायपुर मौदहापारा निवासी जय नारायण को बेचना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी जय नारायण के कब्जे से लगभग 90 मीटर कॉपर वायर बरामद किया जिसकी कीमत करीब 12 हजार रुपए बताई गई।

वहीं थाना पुलगांव के एक अन्य प्रकरण में आरोपियों ने 20 मई 2026 को ग्राम पीछेकर क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों पर ट्यूबवेल से कॉपर वायर चोरी करना भी स्वीकार किया। इस मामले में आरोपियों के कब्जे से लगभग 35 मीटर वायर जप्त किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी आर्थिक लाभ कमाने की नीयत से खेतों और सार्वजनिक स्थानों पर लगे ट्यूबवेल के कॉपर वायर चोरी करते थे। लगातार चोरी की घटनाओं में संलिप्त पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ धारा 317 बीएनएस और संगठित अपराध की धारा 112 बीएनएस के तहत वैधानिक कार्रवाई कर गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

पूरे मामले में थाना पुलगांव पुलिस टीम, चौकी अंजोरा प्रभारी, उप निरीक्षक चंद्रशेखर सोनी सहित पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया माल बरामद किया। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि खेतों और सार्वजनिक स्थलों पर लगे विद्युत उपकरणों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations