बिहार के चर्चित डकैती और गैंगरेप मामले में पिछले करीब सात वर्षों से फरार चल रहे 25 हजार रुपए के इनामी आरोपी को रायपुर ग्रामीण पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पुलिस की नजरों से बचने के लिए रायपुर के सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक निजी स्टील फैक्ट्री में मजदूर के रूप में काम कर रहा था। गुप्त सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर बिहार पुलिस ने उसके रायपुर में छिपे होने की जानकारी जुटाई, जिसके बाद रायपुर पुलिस के सहयोग से उसे दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय यादव के रूप में हुई है। उसके खिलाफ बिहार के जहानाबाद जिले में वर्ष 2019 में दर्ज एक गंभीर आपराधिक मामले में डकैती, हत्या के प्रयास, लूट, गैंगरेप और आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन धाराओं के तहत अपराध दर्ज हैं। वारदात के बाद से वह लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा देता रहा। उसकी गिरफ्तारी पर मगध रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।
सिलतरा पुलिस के अनुसार, जहानाबाद पुलिस को तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया इनपुट के जरिए आरोपी के रायपुर में होने की सूचना मिली थी। इसके बाद बिहार पुलिस ने रायपुर ग्रामीण पुलिस से संपर्क किया। संयुक्त कार्रवाई के तहत सिलतरा चौकी पुलिस और बिहार पुलिस की टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और योजनाबद्ध घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अपनी असली पहचान छिपाकर स्टील फैक्ट्री में नौकरी हासिल कर ली थी और लंबे समय से वहीं रहकर काम कर रहा था। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को बिहार पुलिस के हवाले कर दिया गया है। अब उसे आगे की न्यायिक कार्रवाई के लिए जहानाबाद ले जाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से लंबे समय से लंबित इस मामले में जांच और न्यायिक प्रक्रिया को गति मिलेगी।

Facebook Conversations