सरकारी अधिकारी रेत माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई को लेकर फिर से सुस्त पड़ गए है नतीजा जिन घाटों पर अवैध उत्खनन बंद था, वहां माफिया फिर से सक्रिय हो गए हैं। एक बार फिर अंधाधुंध खुदाई शुरू हो चुकी है। जो घाट स्वीकृत नहीं है, वहां अवैध उत्खनन कर रेत का परिवहन कर नदी में रैंप बनाया गया है। अवैध उत्खनन व परिवहन के बाद अवैध वसूली भी हो रही है। दैनिक भास्कर ने शहर से लगे तीन रेत घाटों का जायजा लिया।
नदी में रेत को छानने के लिए छन्नी भी लगाए दिखे। वहीं पानी के धार की परवाह किए बगैर ट्रैक्टर चालक चंद रुपयों के लिए अपने और मजदूरों की जान से खेलते रहे। मुख्यमंत्री की सख्ती के बाद इन घाटों में अवैध उत्खनन बंद हो गया था लेकिन एक बार फिर यहां रेत का अवैध उत्खनन शुरू हो गया है। अधिकारियों को सब पता है लेकिन वे कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। खनिज अधिकारियों से संपर्क किया गया लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।
कांकेर : खुलेआम मशीनों से हो रहा है रेत का अवैध खनन
थोड़े दिनों की सख्ती के बाद जिले में फिर से सबकुछ अपने ढर्रे पर चलने लगा। जिला मुख्यालय के निकट व नेशनल हाईवे के करीब स्वीकृत खदानों में नियमों को ताक पर रखकर चेन माउंटेन से अवैध उत्खनन खुलेआम चल रहा है। विभाग के अधिकारी वहां पहुंच नहीं रहे हैं। रोज अवैध रूप से रेत भर सैकड़ो हाईवा रवाना हो रहे हैं। चारामा के स्वीकृत खदानों में भी नियम विरूद्ध नदी में जेसीबी व चेन माउंटेन उतार उत्खनन किया जा रहा है। बासनवाही, माहुद, भिलाई, चबेला में खनन नियमों को ताक पर रख खुलेआम चेन माउंटेन नदी में उतार किया जा रहा है।
9 फरवरी तक सिर्फ बासनवाही, चिनौरी, माहुद, भिलाई तथा चबेला से ही ठेकेदार ने रेत निकालना शुरू किया गया है जबकि हकीकत यह है कि नारा, चारामा व अन्य जगहों से भी रेत निकालना शुरू कर दिया गया है। अधिक जगहों पर सीधे चैन माउंटेन नदी में उतर रेत उत्खनन किया जा रहा है। इसके बाद भी विभाग इन्हें रोक नहीं पा रहा है। इतना ही नहीं खदानों में उत्खनन के लिए निर्धारित क्षेत्र का सीमांकन भी नहीं किया गया है। ठेकेदार नदी में मनचाहे जगहों पर खुदाई कर रहे हैं।
बुधवार को एसएसपी पारुल माथुर ने मंगला रेत घाट का औचक निरीक्षण किया। वहां अवैध उत्खनन में लगे 4 ट्रैक्टर मिले। वहीं धुरीपारा में 7 ट्रैक्टरों को जब्त किया गया। एसएसपी, एएसपी सिटी उमेश कश्यप, टीआई सनिप रात्रे के अलावा एसडीएम व सहायक खनिज अधिकारी के साथ 4.30 बजे रेत घाट मंगला पहुंची। बताया जाता है एसएसपी के आने से पहले 2 ट्रैक्टर निकल गए।
एक खाली ट्रैक्टर था, जिसे खनिज विभाग वालों ने सब्जी वाले का बताया। रेत घाट जाते समय मंगला स्कूल के पास बड़ी संख्या में खाली ट्रैक्टर रेत भरने के लिए सड़क किनारे खड़े थे। एसएसपी ने उन्हें जब्त कराया। रास्ते में एक पंचर ट्रैक्टर मिला। इसमें रेत भरा था। घाट के भीतर वहां तक नहीं जा सकी जहां पर रैंप बनाया गया है। बताया जा रहा है कि खनिज अधिकारियों ने उन्हें वहां जाने से रोक लिया। दरअसल माफियाओं ने रैंप इसलिए बनाया है ताकि वे गैर स्वीकृत लोखंडी व तुर्काडीह घाट से अवैध रूप से रेत निकाल सकें।
पखांजूर | मंगलवार को पखांजूर तहसीलदार दल बल के साथ कुरेनार नदी पहुंचे। इस दौरान बांदे से कुरेनार मार्ग में कुछ कुछ दूरी पर चार हाईवा रेत भर कर जा रहे थे जिन्हें पकड़ा गया। छापेमारी की जानकारी न हो इसके लिए दल ने हाईवा को पकड़ उसके ड्राइवर व क्लीनर के मोबाइल जब्त कर लिए। इसके बावजूद इसकी सूचना कुरेनार घाट में रेत खनन में लगे चेन माउंटेन के चालक को लग ही गई लेकिन वह उसे वहां से हटा नहीं सका। एक हाईवा खाली कर दिया। प्रशासन ने उसे भी पकड़ लिया। सभी हाईवा व चैन माउंटेन स्थानीय ठेकेदार एसआर कंस्ट्रक्शंस के बताए जा रहे हैं।

Facebook Conversations