रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र सिलतरा में संदिग्ध रूप से रखे और परिवहन किए जा रहे भारी मात्रा में माल के खिलाफ कार्रवाई की है। थाना सिलतरा पुलिस ने रिंग रोड नंबर-03 स्थित धनेली नाला के पास बड़ी बाउंड्री के पीछे से चार मालवाहक वाहनों और उनमें लदे स्पंज, स्क्रैप एवं कॉइल को जब्त किया है। मामले में दो व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त 2026 को थाना सिलतरा पुलिस को सूचना मिली थी कि धनेली नाला के पास छिपाकर संदिग्ध रूप से मालवाहक वाहनों में भारी मात्रा में स्पंज, कॉइल एवं स्क्रैप रखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाहनों तथा वहां मौजूद लोगों से पूछताछ कर जांच शुरू की।
मौके पर उमेश साव, पिता लखन साव, उम्र 42 वर्ष, निवासी हर्षित विहार कॉलोनी उरकुरा, थाना खमतराई, रायपुर कमिश्नरेट तथा अमन कुमार, पिता मुन्ना गुप्ता, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम धनेली, थाना सिलतरा, रायपुर ग्रामीण के संबंध में कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि दोनों व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 35(1)बी BNSS एवं धारा 170/126, 135(3) BNSS के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। बरामद माल की परिस्थितियों और उसके स्रोत को लेकर विस्तृत जांच की जा रही है।
चार वाहन और माल जब्त
पुलिस द्वारा मौके से निम्न वाहन एवं माल जब्त किया गया—
- हाइड्रा वाहन क्रमांक CG-04-NM-5789, जिसे अमन कुमार चला रहा था।
- पिकअप वाहन क्रमांक CG-04-NR-1692, जिसमें लगभग 700 क्विंटल स्पंज लोड पाया गया।
- टाटा मालवाहक वाहन क्रमांक CG-04-MJ-0251, जिसमें लगभग डेढ़ टन स्क्रैप लोड था।
- हाइवा वाहन क्रमांक CG-04-JB-6710, जिसमें लगभग 1 टन कॉइल लोड पाया गया।
पुलिस ने चारों वाहनों और उनमें लदे माल को अपने कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वाहनों और बरामद माल से संबंधित दस्तावेज, स्वामित्व और स्रोत की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रायपुर ग्रामीण पुलिस के अधिकारियों के निर्देशन में थाना सिलतरा पुलिस द्वारा औद्योगिक क्षेत्र और आसपास के इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों, अवैध परिवहन और संदिग्ध माल की आवाजाही पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Facebook Conversations