17 नवम्बर 2022
दिल्ली में 27 साल की श्रद्धा के मर्डर के आरोपी आफताब अमीन पूनावाला को गुरुवार को साकेत कोर्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पेश किया गया। कोर्ट ने आफताब की पुलिस कस्टडी 5 दिन बढ़ा दी है। पुलिस ने कोर्ट में आरोपी को हिमाचल की पार्वती घाटी और दिल्ली के वन क्षेत्रों में ले जाकर सीन रीक्रिएट करने की बात कही थी। कोर्ट ने आफताब के नार्को टेस्ट की परमिशन दी है। बताया गया है कि आफताब ने भी इस टेस्ट के लिए अपनी सहमति जताई है।

वकीलों के प्रदर्शन के कारण ही पुलिस ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से आफताब की पेशी की मांग की थी।
साकेत कोर्ट के बाहर वकीलों ने प्रदर्शन करके जमकर नारेबाजी की। वकीलों की मांग थी कि श्रद्धा के कातिल आफताब पूनावाला को फांसी की सजा दी जानी चाहिए। वकीलों के प्रदर्शन के कारण कोर्ट परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही। पुलिस को इस प्रदर्शन का इनपुट पहले से ही था, इसलिए उसने कोर्ट से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पेशी की मांग की थी।
आज का सबसे बड़ा खुलासा: आफताब ने पुलिस पूछताछ में कुबूल किया है कि उसने पहचान छिपाने के लिए श्रद्धा का चेहरा जला दिया था।
श्रद्धा मर्डर केस के बड़े अपडेट्स...
- दिल्ली पुलिस आफताब का नार्को टेस्ट कराने की तैयारी में है।
- आफताब के फ्लैट से मिले ब्लड के सैंपल जांच के लिए भेजे जा रहे है। अगर यह खून इंसान का होता है, तो पुलिस DNA मैचिंग के लिए श्रद्धा के पिता को दिल्ली बुला सकती है।
- क्राइम सीन रीक्रिएशन के लिए पुलिस सोमवार रात आफताब को उसके फ्लैट पर ले गई थी। इसी दौरान उसके किचन में खून के ये निशान मिले।
- श्रद्धा की बॉडी के मिले 13 टुकड़ों की DNA जांच होगी।
पड़ोसियों का पानी का बिल जीरो, आफताब का 300 रुपए
पुलिस सूत्रों ने बताया कि दिल्ली पुलिस नए सुराग वाटर बिल पर आफताब से पूछताछ करना चाहती है।आफताब के महरौली फ्लैट का 300 रुपए का वाटर बिल आया है, जबकि पड़ोसियों का बिल जीरो है। वजह यह कि दिल्ली में 20 हजार लीटर पानी मुफ्त दिया जाता है। पुलिस जानना चाहती है कि आखिर आफताब ने इतना पानी कहां खर्च कर डाला।
उधर, श्रद्धा के बॉडी पार्ट्स, मर्डर वेपन और मोबाइल की तलाश में लगातार तीसरे दिन महरौली के जंगलों में छानबीन की जाएगी। अब तक यहां से 13 बॉडी पार्ट्स मिले हैं, जिन्हें फोरेंसिक जांच और DNA जांच के लिए भेजा गया है। 28 साल के आफताब ने 18 मई को श्रद्धा का मर्डर किया था और उसके 35 टुकड़े कर जंगल में फेंके थे।
मुंबई में गुरुकल के स्टूडेंट्स ने जमीन पर श्रद्धा की तस्वीर उकेरी। छात्रों ने आफताब को कड़ी सजा देने की भी मांग की।
आफताब ने कुबूल किया- घर खर्च को लेकर विवाद हुआ तो कत्ल कर डाला
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस पूछताछ में आफताब ने बताया कि 18 मई यानी मर्डर वाले दिन श्रद्धा और उसके बीच घरेलू खर्च को लेकर झगड़ा हुआ था। रोज-रोज के खर्च कौन देगा, इसे लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हुई थी, इसके बाद ही उसने श्रद्धा की हत्या की। वारदात के बाद आफताब ने श्रद्धा के अकाउंट से 55 हजार रुपए निकाले थे। ये खर्च उसने फ्रिज खरीदने से लेकर धारदार चाकू और कूड़ा फेंकने वाला बैग खरीदने में किए थे।
आफताब का कटे हाथ का इलाज करने वाला डॉक्टर मुख्य गवाह
जिस डॉक्टर ने मई में आफताब के कटे हुए हाथ का इलाज किया था, उसे पुलिस ने मुख्य गवाह बनाया है। बता दें कि पुलिस ने जब आफताब के फ्लैट की तलाशी ली थी तब एक डॉक्टर का पर्चा उन्हें हाथ लगा था। इसके बाद पुलिस आफताब को लेकर महरौली में डॉक्टर के क्लिनिक पहुंची थी। डॉक्टर ने बताया कि 'जब मैंने चोट के बारे में पूछा तो उसने कहा कि फल काटते समय उसका हाथ कट गया था। वह आक्रामक और बेचैन लग रहा था।

Facebook Conversations