शराब ओवररेटिंग मामले में कांग्रेस का हमला, सुशील आनंद शुक्ला बोले- सरकार में बैठे लोग चला रहे खेल
त्वरित ख़बरें - रिपोर्टिंग रायपुर ब्यूरों प्रमुख प्रिया शर्मा

‘अधिकारी सिर्फ बलि का बकरा’, शराब ओवररेटिंग पर कांग्रेस ने उठाए बड़े सवाल

रायपुर @ रायपुर में शराब की ओवररेटिंग के मुद्दे पर राजनीति तेज हो गई है। कांग्रेस के प्रदेश संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शराब की ओवररेटिंग का पूरा खेल सरकार में बैठे लोगों के संरक्षण में चल रहा था। उन्होंने दावा किया कि प्रदेशभर में शराब दुकानों पर निर्धारित कीमत से अधिक दर पर शराब बेचकर उपभोक्ताओं से 60 से 80 रुपए तक अतिरिक्त वसूली की जा रही थी।

सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि मामले के सामने आने के बाद कुछ अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया, लेकिन यह कार्रवाई केवल दिखावटी है। उनके अनुसार, वास्तविक जिम्मेदार लोगों को बचाने के लिए अधिकारियों को बलि का बकरा बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मीडिया में मामला उजागर होने के बाद सरकार दबाव में आई और अधिकारियों पर कार्रवाई की गई।

कांग्रेस नेता ने कहा कि यदि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराई जाए तो कई बड़े नाम सामने आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रशासनिक स्तर की गड़बड़ी नहीं है, बल्कि इसके पीछे प्रभावशाली लोगों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।

सुशील आनंद शुक्ला ने केंद्रीय जांच एजेंसियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि जब भाजपा शासनकाल में शराब ओवररेटिंग का इतना बड़ा मामला सामने आया है तो प्रवर्तन निदेशालय (ED) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) इसकी जांच क्यों नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि एजेंसियां निष्पक्ष हैं तो उन्हें इस मामले की भी जांच करनी चाहिए।

कांग्रेस ने सरकार से पूरे मामले की पारदर्शी जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस मुद्दे को लेकर प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होने की संभावना है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations