18/अगस्त /2022
गोंदिया में भगत की कोठी एक्सप्रेस के दुर्घटनाग्रस्त होने का व्यापक असर जिले के रूट पर रहा। कई ट्रेनें पूरी रात अलग-अलग हिस्सों में खड़ी रही। वहीं मालगाड़ियों को भी रोके रखा गया था। सुबह 5.30 बजे गोंदिया में लाइन क्लियर होने का सिग्नल मिला। इसके बाद गाड़ियों को आगे बढ़ाया गया। बिलासपुर-भगत की कोठी एक्सप्रेस रात करीब 1.20 बजे गोंदिया-गुदमा रेलखंड में मालगाड़ी से भिड़ गई। हादसे में ट्रेन की चार एसी बोगियां डिरेल हो गई थी। कुछ ही देर में सुधार कार्य भी शुरू किया गया। इसके चलते लाइन पूरी तरह बंद कर दी गई। दोनों दिशाओं की गाड़ियों की आवाजाही को रोक दी गई।
सुबह 5.30 बजे तक सुधार कार्य चला। इस दौरान चलने वाली सभी ट्रेनें अपने निर्धारित समय से 5 से 6 घंटे लेट हो गई। वहीं सुबह - सुबह चलने वाले लोकल ट्रेन को भी रद्द करना पड़ा। हादसे की वजह से अपलाइन की शिवनाथ एक्सप्रेस 7 घंटे देर से चली, वहीं डाउन लाइन में शिवनाथ एक्सप्रेस साढ़े पांच घंटे देर रही। इसी तरह जेडी पैसेंजर 6 घंटे 30 मिनट, इंटरसिटी 5 घंटे 30 मिनट देर रही। वहीं डोंगरगढ़-गोंदिया लोकल को रद्द किया गया। यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

Facebook Conversations