दुर्ग। राज्य में चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के तहत यातायात पुलिस दुर्ग ने आम नागरिकों, ऑटो चालकों और बस चालकों को साइबर अपराध से बचाव के साथ-साथ यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया। बुधवार को बस स्टैंड दुर्ग और जामा मस्जिद सेक्टर-06 में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों को बढ़ते साइबर अपराधों से सतर्क रहने की जानकारी दी। नागरिकों को समझाइश दी गई कि वे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ OTP साझा न करें। साथ ही अनजान नंबर से आने वाले कॉल पर बिना सत्यापन भरोसा नहीं करने और अपनी व्यक्तिगत व गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की अपील की गई।
पुलिस ने मोबाइल सुरक्षा को लेकर भी लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि मोबाइल का PIN, पासवर्ड, बैंकिंग संबंधी जानकारी या अन्य गोपनीय जानकारी किसी अन्य व्यक्ति को न दें। किसी संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक के जरिए साइबर ठगी का प्रयास होने पर तत्काल सतर्कता बरतने और 1930 पर शिकायत करने की जानकारी दी गई।
इसके अलावा ऑटो और बस चालकों सहित आम नागरिकों को नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, निर्धारित गति में वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। यातायात पुलिस दुर्ग ने अपील की कि साइबर अपराध से बचने के लिए सतर्कता और सड़क दुर्घटनाओं से बचने के लिए यातायात नियमों का पालन बेहद जरूरी है।

Facebook Conversations