रिसाली निगम के 4 वार्डों में 2.55 करोड़ से होंगे विकास कार्य, विधायक ललित चंद्राकर ने किया भूमिपूजन
त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

रिसाली। नगर पालिक निगम रिसाली क्षेत्र के मैत्रीनगर, शक्ति विहार, लक्ष्मी नगर और इस्पात नगर वार्ड में करीब 2 करोड़ 55 लाख 25 हजार रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य किए जाएंगे। शुक्रवार को दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने संबंधित वार्डों में पहुंचकर सड़क, नाली, सड़क चौड़ीकरण, सामुदायिक भवन, सौंदर्यीकरण और उद्यान संधारण सहित विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन किया।

इस दौरान विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है। क्षेत्र के मतदाताओं ने उन्हें विधायक के रूप में जिम्मेदारी सौंपी है और वे लगातार प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्यों की शुरुआत करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूरे होने के बाद वे जल्द ही इनका लोकार्पण करने भी पहुंचेंगे। विधायक ने रिसाली निगम के सभी 40 वार्डों में बिना भेदभाव के स्वीकृत विकास कार्यों को पूरा कराने पर जोर दिया।

इन वार्डों में होंगे विकास कार्य

वार्ड क्रमांक 27 मैत्रीनगर: 44 लाख 9 हजार रुपये की लागत से नाली, पाथवे निर्माण, गार्डन निर्माण, सौंदर्यीकरण और पेवर ब्लॉक लगाने के कार्य किए जाएंगे।

वार्ड क्रमांक 28 शक्ति विहार: 1 करोड़ 8 लाख 89 हजार रुपये की लागत से डोम शेड, नाली, पेवर ब्लॉक, पुलिया निर्माण, सड़क संधारण, उद्यान नवीनीकरण और अन्य विकास कार्य होंगे।

वार्ड क्रमांक 29 लक्ष्मी नगर: 62 लाख 14 हजार रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे।

वार्ड क्रमांक 30 इस्पात नगर: 39 लाख 32 हजार रुपये की लागत से विकास कार्य किए जाएंगे।

पार्षद ने किया अभिनंदन

इस अवसर पर इस्पात नगर वार्ड के पार्षद अनुप डे ने विकास कार्यों की सौगात देने के लिए विधायक ललित चंद्राकर का आभार व्यक्त किया। नागरिकों की ओर से विधायक का शॉल और श्रीफल देकर अभिनंदन भी किया गया।

कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष शैलेन्द्र साहू, पार्षद सुनंदा चंद्राकर, डॉ. सीमा साहू, अनुप डे, विलास राव बोरकर, धर्मेन्द्र भगत, गजेन्द्री कोठारी, ममता सिन्हा, मनीष यादव, शीला नारखेड़े, सविता ढवस, रमा साहू, ईश्वरी साहू, सरिता देवांगन, मंडल अध्यक्ष अनुपम साहू, राजू जंघेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations