रायपुर| यातायात पुलिस ने एक बार फिर ईमानदारी और सतर्कता की मिसाल पेश की है। रेलवे स्टेशन के पास मिला लावारिस बैग उसके असली मालिक को सुरक्षित लौटा दिया गया।
02 अक्टूबर को रेलवे स्टेशन गेट नंबर-02 के पास यातायात थाना फाफाडीह में पदस्थ आरक्षक 2179 कृत साहू और आरक्षक 2735 धनेश्वर निर्मलकर ड्यूटी पर तैनात थे। ड्यूटी के दौरान उन्हें सड़क किनारे एक लावारिस बैग पड़ा मिला।
बैग की जांच करने पर उसमें महत्वपूर्ण मूल दस्तावेज, बैंक चेक और अन्य जरूरी सामग्री मिली। बैग में मिले चेक पर लिखे मोबाइल नंबर पर संपर्क किया गया तो पता चला कि यह बैग बिहार निवासी रविशंकर का है, जो रेलवे आरक्षण केंद्र से गुम हो गया था। इसकी सूचना उन्होंने जीआरपी थाने में भी दर्ज कराई थी।
यातायात पुलिस ने दस्तावेजों की पूरी तस्दीक करने के बाद बैग उसके मालिक रविशंकर को सौंप दिया। अपना कीमती सामान वापस पाकर उन्होंने रायपुर यातायात पुलिस का दिल से धन्यवाद किया।
रायपुर पुलिस की अपील:
रायपुर पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों जैसे रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजार में अपने सामान और महत्वपूर्ण दस्तावेजों का विशेष ध्यान रखें। किसी भी लावारिस वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत नजदीकी थाने, कंट्रोल रूम या डायल-112 पर दें।

Facebook Conversations