रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 80 हजार की चोरी की दो गाड़ियां बरामद
त्वरित ख़बरें - रायपुर ब्यूरों प्रमुख प्रिया शर्मा

रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा और तेलीबांधा थाना क्षेत्र से चोरी हुई दो दोपहिया वाहनों के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा टिकरापारा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक विधि के साथ संघर्षरत बालक को पकड़ा गया है। उसके कब्जे से चोरी की गई दो स्कूटी बरामद की गई हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, संतोषी नगर चौक निवासी मोहम्मद वसीम ने थाना टिकरापारा में शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 जून की रात उसने अपनी मेस्ट्रो स्कूटी (सीजी 04 एचएक्स 0143) को संतोषी नगर चौक स्थित मिश्रा होटल के पास खड़ी की थी। अगले दिन स्कूटी गायब मिली। मामले में थाना टिकरापारा में अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।

इसी तरह आनंद नगर निवासी शिवा पाण्डेय ने थाना तेलीबांधा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 8 जून की रात उसने अपनी एक्टिवा (सीजी 04 एचएल 1826) घर के सामने खड़ी की थी, जो सुबह गायब मिली। इस मामले में थाना तेलीबांधा में धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने दोनों घटनास्थलों का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिर तंत्र और अन्य तकनीकी माध्यमों से लगातार संदिग्धों की तलाश की जा रही थी।

जांच के दौरान पुलिस को दोनों मामलों में एक विधि के साथ संघर्षरत बालक की संलिप्तता की महत्वपूर्ण जानकारी मिली। संयुक्त टीम ने बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने दोनों वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने बालक के कब्जे से चोरी की मेस्ट्रो और एक्टिवा स्कूटी बरामद कर ली है। जब्त किए गए दोनों वाहनों की कुल कीमत लगभग 80 हजार रुपये आंकी गई है। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations