रायपुर पश्चिम में विकास की सौगात: 2.06 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन, राजेश मूणत ने दिए कई बड़े ऐलान
त्वरित ख़बरें :रायपुर ब्यूरो प्रमुख प्रिया शर्मा

रायपुर, पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नगर निगम जोन-1 के वार्ड क्रमांक 17 (ठक्कर बापा वार्ड) एवं वार्ड क्रमांक 18 (बाल गंगाधर तिलक वार्ड) में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत ने एकमुश्त 2 करोड़ 6 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत विभिन्न निर्माण कार्यों का पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में भूमिपूजन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में फुल फोड़कर और कुदाल चलाकर विकास कार्यों की शुरुआत की गई, जिसे क्षेत्रवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात माना जा रहा है।

इस मौके पर विधायक राजेश मूणत ने क्षेत्र के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं और योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गुढ़ियारी दीक्षा नगर स्थित पानी टंकी से घर-घर तक मीठा नदी का जल पहुंचाना नगर निगम की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक होगा, जिससे नागरिकों को शुद्ध पेयजल की सुविधा मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति को मजबूत बनाने के लिए तीन नए विद्युत उपकेंद्र स्थापित किए जाएंगे, जिससे गुढ़ियारी और आसपास के क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।

शिक्षा के क्षेत्र में भी उन्होंने महत्वपूर्ण पहल की जानकारी देते हुए कहा कि एनआईटी के पास नालंदा-2 लाइब्रेरी का निर्माण किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में बड़ा लाभ मिलेगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि शासकीय विद्यालयों में गरीब और मध्यम वर्ग के बच्चों को प्ले स्कूल जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि उन्हें प्रारंभिक शिक्षा के बेहतर अवसर मिल सकें।

विधायक ने नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि लोग नालियों में कचरा न डालें और नियमित रूप से घर का कचरा सफाई मित्रों को दें, ताकि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि रायपुर नगर निगम में वर्तमान शहर सरकार के नेतृत्व में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और जनता को इसका सीधा लाभ मिल रहा है।

कार्यक्रम में विभिन्न पार्षदों और जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और विकास कार्यों की शुरुआत पर विधायक का आभार जताया। स्थानीय लोगों ने भी क्षेत्र में लंबे समय से लंबित विकास कार्यों के शुरू होने पर खुशी जाहिर की और इसे क्षेत्र के लिए एक नई शुरुआत बताया।

कुल मिलाकर यह भूमिपूजन कार्यक्रम रायपुर पश्चिम क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में नागरिकों को जल, बिजली, शिक्षा और स्वच्छता जैसी सुविधाओं में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations