रायपुर नगर निगम की सख्ती, कोटा क्षेत्र में अतिरिक्त निर्माण पर चला बुलडोजर
त्वरित ख़बरें :रायपुर ब्यूरो प्रमुख प्रिया शर्मा

रायपुर नगर निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा के निर्देश पर शहर में अवैध और नियम विरुद्ध निर्माणों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में नगर निगम जोन 7 के नगर निवेश विभाग द्वारा वार्ड क्रमांक 23 में अंबेडकर चौक के पास कोटा क्षेत्र में नक्शा स्वीकृति के विपरीत किए गए अतिरिक्त निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई की गई।

यह कार्रवाई जोन 7 जोन कमिश्नर श्री अरुण ध्रुव के मार्गदर्शन में की गई, जिसमें कार्यपालन अभियंता श्री सुशील मोडेस्टस, सहायक अभियंता श्री शत्रुघन देशलहरे, उपअभियंता श्री चंद्रकांत बर्गे तथा नगर निवेश उपअभियंता श्रीमती प्रेरणा अग्रवाल सहित संबंधित टीम उपस्थित रही। नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर विधिवत निरीक्षण किया और पाया कि निर्माणकर्ता द्वारा स्वीकृत नक्शे के विपरीत अतिरिक्त निर्माण किया गया था।

निगम प्रशासन द्वारा इस मामले में पहले ही संबंधित निर्माणकर्ता को नियमों के तहत तीन बार नोटिस जारी किया गया था, जिसमें निर्माण को स्वीकृत नक्शे के अनुरूप करने अथवा अवैध हिस्से को स्वयं हटाने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन निर्धारित समय सीमा के बावजूद अनुपालन नहीं किए जाने पर अंतिम सूचना जारी की गई, जिसके बाद नगर निगम ने नियमानुसार कठोर कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के बीच अतिरिक्त निर्माण को हटाने का कार्य किया, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न न हो। इस कार्रवाई से क्षेत्र में यह संदेश गया कि नगर निगम नियमों के उल्लंघन को लेकर किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरत रहा है।

नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में विकास कार्यों के साथ-साथ अवैध निर्माणों पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है और जहां भी नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई को नगर निगम की सख्त प्रवर्तन नीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसका उद्देश्य शहर को सुव्यवस्थित और नियोजित विकास की दिशा में आगे बढ़ाना है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations