रायपुर : मामला लाखेनगर जोन के ब्राम्हणपारा इलाके का है। यहां रहने वाले उपभोक्ता आलोक शर्मा के घर पर लगे स्मार्ट मीटर में गड़बड़ी की जानकारी गुढ़ियारी स्थित कंट्रोल रूम को ऑनलाइन सिस्टम के जरिए मिली।सूचना मिलते ही बिजली विभाग की तकनीकी टीम ने क्षेत्रीय अधिकारियों को जानकारी दी। 4 जुलाई को विजिलेंस टीम ने ब्राम्हणपारा में दबिश दी। जांच के दौरान मीटर की बॉडी में क्रैक पाया गया और सील टूटी हुई थी।बिजली विभाग ने मीटर को जब्त कर भिलाई के सेंट्रल लैब भेजा। 10 जुलाई को उपभोक्ता की उपस्थिति में लैब में जांच की गई, जिसमें यह स्पष्ट हुआ कि मीटर की सील तोड़कर उसके अंदर छेड़छाड़ की गई थी।जांच में यह भी सामने आया कि मीटर के आर, वाई, बी तीनों फेज और न्यूट्रल टर्मिनल को कॉपर वायर से जोड़कर शॉर्ट किया गया था। इससे मीटर को बायपास कर बिजली की वास्तविक खपत छुपाई जा रही थी।बिजली विभाग के अनुसार, इस तरह की छेड़छाड़ से मीटर कम रीडिंग दिखाता है और उपभोक्ता को कम बिल देना पड़ता है। इसे तकनीकी भाषा में मीटर टेम्परिंग और अनाधिकृत बिजली उपयोग कहा जाता है।सेंट्रल लैब की रिपोर्ट आने के बाद बिजली विभाग ने तत्काल प्रभाव से उपभोक्ता के घर का कनेक्शन काट दिया। इसके साथ ही लाखेनगर जोन के सहायक यंत्री गुलाब सिंह साहू ने आजाद चौक थाने में शिकायत दर्ज कराई।पुलिस ने उपभोक्ता आलोक शर्मा के खिलाफ विद्युत अधिनियम 2003 और 2005 की धारा 135 और 138 के तहत केस दर्ज किया है।अधिकारियों का कहना है कि उपभोक्ता यह स्पष्ट नहीं कर पा रहा है कि मीटर में छेड़छाड़ आखिर किसने की।
Facebook Conversations