रायपुर में ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में चाकूबाजी, 3 युवक घायल; पुलिस सुरक्षा के बीच वारदात से कानून-व्यवस्था पर सवाल...
त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

रायपुर। राजधानी रायपुर में बुधवार को ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान चाकूबाजी की घटना सामने आई है। तीन युवकों पर चाकू से हमला किया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना पुलिस की मौजूदगी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच होने से शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

तात्यापारा में हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, आजाद चौक थाना क्षेत्र के तात्यापारा में यह घटना हुई। पैगंबर मोहम्मद के जन्मदिन के मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुलूस निकाल रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों के बीच आपसी विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर एक आरोपी ने अपने पास रखे चाकू से तीन युवकों पर हमला कर दिया।

हमले में तीनों युवक घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने घटना में शामिल कुछ युवकों को हिरासत में लिया है और उनसे थाने में पूछताछ की जा रही है।

लगातार सामने आ रही चाकूबाजी की घटनाएं

राजधानी रायपुर में पिछले कुछ दिनों से चाकूबाजी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। सोमवार रात एक ही रात में चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाएं हुई थीं, जिनमें दो लोगों की मौत हो गई थी।

बुधवार को ईद मिलादुन्नबी के जुलूस को लेकर राजधानी में पहले से ही पुलिस बल तैनात था। इसके बावजूद जुलूस के दौरान चाकूबाजी की घटना सामने आने से शहर की सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations