रायपुर में अवैध प्लाटिंग पर निगम का एक्शन: डुंडा में 5 एकड़ जमीन पर बनी मुरम रोड काटी, नींव तोड़कर रोका निर्माण
त्वरित ख़बरें - रायपुर ब्यूरों प्रमुख प्रिया शर्मा

रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जोन-10 के अंतर्गत बाबू जगजीवन राम वार्ड क्रमांक-53 के डुंडा क्षेत्र में करीब 5 एकड़ निजी भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग पर तत्काल रोक लगा दी। निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी की मदद से बनाई गई अवैध मुरम रोड को काट दिया और निर्माण के लिए तैयार की गई नींव को भी तोड़ दिया।

यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर की गई। जोन-10 के जोन कमिश्नर मोनेश्वर शर्मा के मार्गदर्शन में नगर निवेश विभाग की टीम ने कार्यपालन अभियंता गजाराम कंवर, सहायक अभियंता सुशील अहीर, उप अभियंता नवीन वर्मा और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में डुंडा स्थित ममता विहार क्षेत्र के पास कार्रवाई को अंजाम दिया।

नगर निगम के अनुसार, अज्ञात व्यक्तियों द्वारा लगभग 5 एकड़ निजी भूमि पर अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। इसे रोकने के लिए जेसीबी से अवैध मुरम रोड को काटकर मार्ग बाधित किया गया, ताकि आगे किसी प्रकार का निर्माण या प्लॉटिंग कार्य नहीं हो सके। साथ ही मौके पर बनाई गई अवैध नींव को भी ध्वस्त कर दिया गया।

निगम ने इस मामले में रायपुर तहसील कार्यालय के तहसीलदार को पत्र भेजकर संबंधित भूमि के वास्तविक स्वामी की जानकारी मांगी है। भूमि स्वामी और अवैध प्लाटिंग करने वालों की पहचान होने के बाद राज्य शासन के प्रावधानों के अनुसार संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने बताया कि आवश्यक जानकारी मिलने पर संबंधित पुलिस थाने में नामजद एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध प्लाटिंग और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations