राजनांदगांव, । नगर निगम में आज महापौर मधुसूदन यादव की अध्यक्षता में बजट समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें निगम के बजट प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई। बैठक में निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा एवं निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि पिछले वित्तीय वर्ष की जो दीर्घकालीन योजनाएं अभी प्रगतिरत हैं, उन्हें समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए तथा वर्तमान वित्तीय वर्ष के बजट प्रावधानों का भी प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए, ताकि जनता को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।
महापौर यादव ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए जिम्मेदार नोडल अधिकारी नियुक्त किए जा रहे हैं, जो अपने-अपने क्षेत्रों में योजनाओं की प्रगति की नियमित निगरानी करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि शासन और स्थानीय स्तर पर सभी प्रक्रियाएं समय पर पूरी हों, जिससे विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए। बैठक में प्रत्येक बजट प्रावधान पर बिंदुवार चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने जानकारी दी कि महापौर के निर्देशानुसार कई योजनाओं पर कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। निर्धन छात्रा शिक्षा व्यवस्था के अंतर्गत तीन शालाओं में छात्राओं के वार्षिक शुल्क हेतु 25-25 हजार रुपये की राशि प्राचार्यों को प्रदान की गई है। इसके साथ ही वार्ड क्रमांक 39 स्थित अंग्रेजी माध्यम स्कूल का जीर्णोद्धार कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए मस्ती की पाठशाला कार्यक्रम को भी गत रविवार से प्रारंभ कर दिया गया है। शहर के विभिन्न वार्डों में डस्टबिन वितरण का कार्य भी तेजी से चल रहा है, जिससे स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।
इसके अतिरिक्त सड़क चौड़ीकरण एवं उन्नयन कार्य, कुओं की सफाई, मंदिरों का जीर्णोद्धार तथा हाई मास्क लाइट लगाने जैसे कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। कॉम्प्लेक्स निर्माण हेतु पुराने भवनों को तोड़ने की स्वीकृति सामान्य सभा से प्राप्त हो चुकी है और आगे की प्रक्रिया प्रगति पर है। इसी प्रकार जल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पाइप लाइन विस्तार, टंकी निर्माण और जल संयंत्र गृह मरम्मत के प्रस्ताव तकनीकी स्वीकृति हेतु मुख्य अभियंता को भेजे गए हैं।
महापौर यादव ने वृक्षारोपण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इसके लिए उपयुक्त स्थलों का चयन कर वर्षा ऋतु में बड़े स्तर पर पौधरोपण किया जाए। साथ ही व्यवसायिक परिसर निर्माण, तालाब संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण, उद्यान विकास, चौक-चौराहों का सौंदर्यीकरण, प्रतिमा स्थापना, क्रिकेट टर्फ निर्माण, महिला हाट बाजार, महिला प्रसाधन केंद्र एवं डॉग शेल्टर जैसी योजनाओं के प्रस्ताव शासन की विभिन्न योजनाओं जैसे 15वें वित्त आयोग, स्वच्छ भारत मिशन एवं पर्यावरण उपकर निधि के अंतर्गत भेजे जाएं।
बैठक के अंत में महापौर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि बजट प्रावधानों का क्रियान्वयन गंभीरता और समयबद्धता के साथ किया जाए, ताकि सभी योजनाएं धरातल पर दिखाई दें और जनता को उनका प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हो सके।

Facebook Conversations