राजनांदगांव की शिक्षिका मरियम लालानी को मिलेगा ‘ज्ञानदीप पुरस्कार 2026’, नवाचार और सेवा कार्यों की हुई सराहना
त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

राजनांदगांव। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, समाजसेवा और बच्चों के प्रति समर्पण के लिए शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला टेडेसरा की शिक्षिका श्रीमती मरियम लालानी का चयन ‘मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण ज्ञानदीप पुरस्कार 2026’ के लिए किया गया है। यह सम्मान उन्हें 5 सितंबर 2026 को पं. गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम, राजनांदगांव में प्रदान किया जाएगा।

श्रीमती मरियम लालानी 29 जून 2010 से शासकीय सेवा में निरंतर कार्यरत हैं। इससे पहले वे करीब 10 वर्षों तक निजी शिक्षण संस्थाओं में शिक्षक, विभागाध्यक्ष और प्राचार्य के रूप में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। ‘कर्म ही पूजा है’ को अपना ध्येय वाक्य मानने वाली मरियम लालानी अंग्रेजी विषय की शिक्षिका होने के साथ-साथ गरीब और बेसहारा बच्चों की मदद के लिए भी जानी जाती हैं।

उन्होंने स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था के लिए अब तक करीब 5000 पानी की बोतलें वितरित की हैं। इसके अलावा जरूरतमंद बच्चों को पेन, पेंसिल, पुस्तक, कॉपी और पानी की बोतल जैसी आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराती रही हैं।

शिक्षा में नवाचार और विशेष योगदान

शासकीय प्राथमिक शाला टेडेसरा में ‘हुनर का झोला’ शिक्षण सामग्री निर्माण में उन्होंने मार्गदर्शक की भूमिका निभाई, जिसका चयन जिला स्तर पर हुआ। बस्ता-विहीन शनिवार के दौरान वे बच्चों को विभिन्न व्यावसायिक कौशलों का प्रशिक्षण भी देती हैं।

गर्मी की छुट्टियों में बच्चों के लिए निःशुल्क अंग्रेजी क्लब का संचालन उनकी एक और महत्वपूर्ण पहल है। इसके अलावा वे अन्य विद्यालयों में परीक्षा प्रभारी की जिम्मेदारी भी निभा चुकी हैं।

भविष्य में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत बच्चों के बस्ते का वजन कम करने के उद्देश्य से वे कलेक्टर टीचर्स मीटिंग में पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से अपनी योजना प्रस्तुत करना चाहती हैं।

कई पुरस्कारों से हो चुकी हैं सम्मानित

मरियम लालानी को शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए राष्ट्रीय गौरव शिक्षा सम्मान 2026, कर्मयोगी भारत डिजिटल परिवर्तन प्रमाण पत्र, डिजिटल भविष्य कार्यक्रम 2022, शाला सुरक्षा एवं व्यक्तिगत सुरक्षा मास्टर ट्रेनर सम्मान 2022, सक्षम बिटिया अभियान प्रशंसा पत्र 2022 और सामाजिक विज्ञान परियोजना राज्य स्तरीय पुरस्कार 2021 सहित कई सम्मान मिल चुके हैं।

इसके अलावा ‘अंगना में शिक्षा’ एवं ‘स्मार्ट माता’ कार्यक्रम के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए भी उन्हें सम्मानित किया जा चुका है। वे जिला कोर समूह की सदस्य और अग्निवीर थल सेना भर्ती लिखित परीक्षा की मास्टर ट्रेनर भी रह चुकी हैं। उनके पूर्व सम्मानों में कैडेट क्लब सम्मान 2010, वुमन अचीवर्स अवार्ड 2009 और आजीवन शिक्षा पुरस्कार 2007 भी शामिल हैं।

इन नवाचारपूर्ण शैक्षणिक कार्यों, बच्चों के प्रति समर्पण और समाजसेवा को देखते हुए उनका चयन ज्ञानदीप पुरस्कार 2026 के लिए किया गया है।

उनके चयन पर सरपंच डॉ. खिलेश्वर साहू, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष महेन्द्र साहू, संकुल प्रभारी प्राचार्य हरनाम सिंह यादव, प्रधान पाठक सुनीता राव केशलवार, प्राथमिक प्रधान पाठक मंगलबत्ती साहू सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, पालकगण एवं मित्रों ने उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations