राजधानी अब पूरी तरह से अनलॉक हो गई है। शापिंग मॉल, जिम, सिनेमाघर, लाइब्रेरी और स्वीमिंग पूल में 50 फीसदी की बंदिश हटा दी गई है। शादी समारोह को लेकर सभी तरह की पाबंदी हटा दी गई है। अब तक विवाह स्थल की क्षमता की 50 फीसदी उपस्थिति की ही अनुमति थी। इसे भी समाप्त कर दिया गया है। शादी के लिए अब पहले से तहसील ऑफिस से अनुमति लेने की भी जरूरत नहीं है। पहले की तरह ही बिना आवेदन या अनुमति के शादी समारोह आयोजित किए जा सकते हैं।
कलेक्टर सौरभ कुमार की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि जिले में कोरोना मरीजों की संख्या अब लगभग खत्म हो रही है। हर दिन नए मरीज भी 5 से कम मिल रहे हैं। शहर में मरीजों की संख्या कम होने की वजह से कंटेनमेंट जोन पहले ही खत्म कर दिए गए हैं। इसलिए अब 50 फीसदी उपस्थिति की प्रतिबंध भी खत्म कर दिया गया है।
पहले से लग रही है भीड़, जांच का सिस्टम ही नहीं बना पाए थे
कलेक्टर के आदेश के पहले ही शापिंग मॉल, जिम, सिनेमाघर, लाइब्रेरी, स्वीमिंग पूल, मल्टीप्लेक्स, ऑडिटोरियम, मैरिज हॉल या शादी समारोह में लोगों की खासी भीड़ जुट रही है। प्रशासन या पुलिस की ओर से भीड़ की जांच या रोकने का कोई सिस्टम ही नहीं बनाया गया है। इस वजह से जैसे जैसे कोरोना की तीसरी लहर का प्रकोप कम होने लगा इस वजह से समारोह और आयोजनों में भीड़ जुटने लगी।
मार्च की शुरुआत में ही कोरोना मरीजों की संख्या बेहद कम हो गई थी। इससे लोगों में कोरोना का डर भी कम हो गया। बताया जा रहा है कि राज्य के कुछ जिलों में अभी 50 फीसदी का नियम लागू है। लेकिन राजधानी में अब पूरी तरह से खत्म कर दिया गया है। हालांकि सबसे ज्यादा केस रायपुर में ही मिले हैं। यहां केस मिलने का सिलसिला अभी भी जारी है।

Facebook Conversations