भिलाई- सुपेला थाना पुलिस ने शनिवार को थाना क्षेत्र में अलग-अलग अपराध करने वाले दो व्यक्तियों को दबोचा। इसमें एक आर्य नगर कोहका के निवासी महेश कुमार साहू के घर का ताला तोड़कर चोरी करने वाला निकला और दूसरा स्मृति नगर क्षेत्र के संदीप बंजारे को चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दिया था। थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा के अनुसार चोरी की घटना के विवेचना के दौरान आर्य नगर के लक्ष्मीकांत जंघेल नाम के व्यक्ति पर शक हुआ।
उसी के आधार पर शनिवार को उसे बुलाकर पूछताछ की तो उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। आगे उसकी निशानदेही पर चोरी हुए समान में से 50 हजार रुपए के झुमके की बरामदगी भी हो गई। इसी प्रकार धमकी देने के आरोपी पंकज तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। दोपहर बाद दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने की कार्रवाई अंजाम दी गई |

Facebook Conversations