रायगढ़। जिले के लैलूंगा ब्लॉक के ग्राम पंचायत कोड़केल की रहने वाली एक महिला ने कुछ लोगों पर पत्रकार बनकर न्याय दिलाने के नाम पर 77 हजार रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले की शिकायत एसपी कार्यालय और थाने में दर्ज कराई है।
पीड़िता फूलमती के अनुसार, उजागर सिदार नामक व्यक्ति के साथ उसका करीब 15 वर्षों से पति-पत्नी जैसा संबंध था। आरोप है कि उजागर सिदार ने बिना जानकारी दिए दूसरी महिला से शादी कर ली और बाद में फूलमती के साथ रहने से इनकार कर दिया। इस मामले की शिकायत पीड़िता ने लैलूंगा थाना और एसपी कार्यालय में की थी।
पीड़िता का आरोप है कि इस विवाद में न्याय दिलाने का भरोसा देकर बिलासपुर निवासी कुछ लोगों ने उससे 77 हजार रुपये ले लिए। इसमें कुछ रकम नकद और कुछ रकम फोनपे के माध्यम से अलग-अलग खातों में भेजी गई।
महिला का आरोप है कि रकम लेने के बाद संबंधित लोगों ने उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया और उससे संपर्क बंद कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने इसे धोखाधड़ी और अवैध वसूली बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
मामले में जिन लोगों पर आरोप लगाए गए हैं, उनके खिलाफ शिकायत के आधार पर पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि और आगे की कार्रवाई स्पष्ट होगी। पीड़िता ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है।

Facebook Conversations