प्रधान पाठक  संतकुमार नेताम को सेवानिवृत्त होने पर दी गई भावभीनी बिदाई  - उनके कार्य के प्रति निष्ठा, आत्मीय व्यवहार एवं बहुआयामी व्यक्तित्व का सभी ने की सराहना
त्वरित खबरे :

16 अक्टुबर 2022

अम्बागढ़ चौकी। अम्बागढ़ चौकी विकासखंड के पूर्व माध्यमिक शाला भगवानटोला में पदस्थ प्रधान पाठक  संतकुमार नेताम के सेवा निवृत्त होने पर गुरूवार 13 अक्टूबर 2022 को शाला परिसर में आयोजित बिदाई समारोह में भावभीनी बिदाई दी गई। इस दौरान समारोह में उपस्थित सभी लोगों ने नेताम की अपने कार्य के प्रति निष्ठा एवं समर्पण उनके आत्मीय व्यवहार एवं बहुआयामी व्यक्तित्व की भूरी-भूरी सराहना की। विदित हो कि  नेताम अपने अद्र्धवार्षिकी आयु पूरा करने के पश्चात 30 सितम्बर 2022 को प्रधान पाठक पूर्व माध्यमिक शाला के पद पर सेवा निवृत्त हुए है। उनकी प्रथम नियुक्ति आदिम जाति कल्याण विभाग के अंतर्गत प्राथमिक शाला देववाड़वी विकासखंड अम्बागढ़ चौकी में 1986 में सहायक शिक्षक के पद पर हुई थी।  नेताम का मूल निवास अम्बागढ़ चौकी विकासखंड के ग्राम हितकसा है। नेताम अपने छात्र जीवन से ही धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यों में निरंतर सक्रिय रहकर विद्यार्थियों एवं समाज की सेवा कर रहे है। अपने शिक्षकीय जीवन के दौरान एक उत्कृष्ट एवं निष्ठावान शिक्षक के अलावा अनेक शासकीय दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते आए है। उनकी पहचान बहुत ही समर्पित शिक्षक, कुशल उद्घोषक एवं वक्ता, समाज सेवक के साथ-साथ व्यवहार कुशल एवं बेहतरीन इंसान के रूप में हैं। वर्तमान में वे गोड़वाना समाज अम्बागढ़ चौकी के तहसील अध्यक्ष के रूप में समाज की सेवा दे रहे हैं।

कार्यक्रम मे उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि जरूरतमंद लोगों के मदद के लिए  नेताम सदैव तत्पर रहते है। विदाई समारोह के अवसर पर अपने प्रिय शिक्षक के उत्कृष्ट कार्यों को स्परण कर विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों की आंखे सजल हो गई थी। उपस्थित सभी लोगों ने  नेताम की सुखी, निरोग, सुदीर्घ एवं यशस्वी जीवन की कामना करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। 

YOUR REACTION?

Facebook Conversations