जांजगीर-चांपा की बेटी को नीदरलैंड में मिला प्यार, विदेशी युवक से रचाई शादी...
त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड के ग्राम भुईगांव की रहने वाली 25 वर्षीय क्रिस्टीना नथेनियल ने नीदरलैंड निवासी 32 वर्षीय क्रिस्टीयान एंड्रियश वरबूम से शादी की है। विवाह प्रमाण पत्र जारी होने के बाद यह शादी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, क्रिस्टीना नीदरलैंड में नौकरी करती हैं। इसी दौरान उनकी मुलाकात क्रिस्टीयान से हुई। दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई और दोनों ने जीवनसाथी बनने का फैसला किया। बताया गया है कि दोनों परिवारों की सहमति भी इस रिश्ते को मिली।

कलेक्टर कार्यालय में पूरी हुई विवाह की प्रक्रिया

दोनों ने जांजगीर-चांपा जिला कलेक्टर कार्यालय में विवाह अधिकारी प्रमोद गुप्ता के समक्ष तीन गवाहों की मौजूदगी में विवाह की औपचारिकताएं पूरी कीं। इसके बाद विवाह प्रमाण पत्र जारी किया गया। कार्यालय में दोनों के एक-दूसरे को माला पहनाने की तस्वीरें भी सामने आई हैं।

गांव में चर्चा का विषय बनी शादी

भुईगांव जैसे छोटे से गांव की बेटी का नीदरलैंड के युवक से विवाह स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। अलग-अलग देशों और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से आने वाले इस जोड़े ने साथ जीवन बिताने का फैसला किया है। हालांकि, विवाह के बाद दोनों किस देश में रहेंगे, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations