पक्षी संरक्षण की अनूठी पहल: स्थापना दिवस पर सकोरे वितरित
त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

भिलाई,भीषण गर्मी के बीच बेजुबान पशु-पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता और सेवा का संदेश देते हुए निस्वार्थ सेवा भाव समिति ने अपने स्थापना दिवस को अनूठे तरीके से मनाया। इस अवसर पर समिति द्वारा आम लोगों को नि:शुल्क मिट्टी के सकोरे वितरित किए गए तथा सभी से अपने घरों, छतों, आंगनों और आसपास के स्थानों पर पक्षियों के लिए दाना और पानी रखने की अपील की गई।

समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि गर्मी के मौसम में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे इंसानों के साथ-साथ पशु-पक्षियों को भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जहां लोग अपनी प्यास बुझाने के लिए विभिन्न साधनों का उपयोग कर लेते हैं, वहीं पक्षियों और अन्य जीवों को पानी की तलाश में भटकना पड़ता है। ऐसे में यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर या आसपास एक सकोरे में पानी भरकर रख दे तो हजारों पक्षियों को राहत मिल सकती है।

कार्यक्रम के दौरान समिति के अध्यक्ष दीपक कुमार और संरक्षक जेडी खान ने कहा कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने के साथ-साथ हमें प्रकृति और जीव-जंतुओं के प्रति भी अपनी संवेदनाएं प्रकट करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि छत या आंगन में रखा गया एक छोटा सा सकोरा किसी प्यासे पक्षी के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। इससे बड़ा मानवता और जीव सेवा का कार्य कोई नहीं हो सकता।

समिति ने लोगों से आग्रह किया कि वे केवल स्थापना दिवस या विशेष अवसरों तक ही सीमित न रहें, बल्कि पूरे गर्मी के मौसम में नियमित रूप से पक्षियों के लिए स्वच्छ पानी और दाने की व्यवस्था करें। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जीवों के प्रति करुणा और सह-अस्तित्व की भावना भी मजबूत होगी।

इस सेवा अभियान में समिति के सदस्य जी. माधव राव, राहुल खान, सत्येंद्र पांडे, देव कुमार, वेद कुमार, कार्तिक राम सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी ने लोगों को जागरूक करते हुए अधिक से अधिक स्थानों पर सकोरे रखने और पक्षियों के संरक्षण में योगदान देने का संदेश दिया।

समिति की इस पहल को लोगों ने सराहा और इसे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाला अभियान बताया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि छोटे-छोटे प्रयास भी जीवों के जीवन की रक्षा में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations