पीने का पानी लेने के लिए हाहाकार
त्वरित खबरे - हैंडपंप से पानी भरने के लिए लगी भीड़; 16 छोटे टैंकर से सप्लाई, फिर भी कम पड़े

 गुरुवार 7 अप्रैल सुबह पेयजल सप्लाई न होने से कई वार्डों में पानी के लिए हाहाकार रहा। लोग पीने का पानी लेने के लिए इधर उधर भटकते रहे। मोहल्लों में लगे हैंडपंप में पानी भरने के लिए लोगों की लाइन लगी रही। दोपहर 1 बजे के करीब लोगों के घरों में थोड़ा थोड़ा पानी पहुंचा तो उन्होंने राहत की सांस ली। लोगों का कहना है कि निगम कभी अचानक पानी की सप्लाई को बंद कर देता है। उसे सप्लाई बंद करने से पहले सूचना देनी चाहिए, जिससे वह पहले से अधिक पानी स्टोर करके रख सकें।

बटालियन के सामने बुधवार शाम एयर वाल्व फट जाने से निगम को 77 एमएलडी फिल्टर प्लांट से पानी की सप्लाई रोकनी पड़ी। पाइप लाइन फटने से उससे पानी की मोटी धार निकल रही थी। इस समस्या को दूर करने के लिए निगम कई क्षेत्रों की वाटर सप्लाई को रोककर मरम्मत में लगा रहा। रात से लेकर सुबह तक निगम के अधिकारी डिवाटरिंग के बाद पाइप लाइन में एयर वाल्व लगाने कार्य में जुटे रहे। इसके चलते गुरुवार सुबह कई क्षेत्रों में पेयजल सप्लाई बाधित रही। पानी सप्लाई न होने से खुर्सीपार, छावनी, वैशाली नगर, जवाहर नगर आदि क्षेत्रों में लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोग निस्तारी व पीने के पानी के लिए इधर उधर भटकते रहे। कई लोग तो एक-एक किलोमीटर लगे हैंडपंप से पानी लाने को मजबूर हुए । 

छावनी व खुर्सीपार क्षेत्र टैंकर से हुई सप्लाई

निगम ने अपने लगभग 16 छोटे टैंकर व ट्रैक्टर से पानी की सप्लाई किया। पानी सप्लाई के लिए पर्याप्त संसाधन न होने से निगम सभी जगह पानी की सप्लाई नहीं दे सका। इससे लोगों को काफी परेशानी हुई। सबसे अधिक परेशानी छावनी और जवाहर नगर क्षेत्र में दिखी। जवाहर नगर में बॉम्बे आवास में रहने वाले हजारों लोग हैंडपंप में लाइन लगाकर पानी भरते दिखाई दिए।

इन क्षेत्रों में रहा जल संकट

भिलाई नगर निगम के छावनी, वैशाली नगर, मदर टैरेसा नगर और खुर्सीपार क्षेत्र में पानी की समस्या सबसे अधिक दिखी। शेष क्षेत्र में 66 एमएलडी फिल्टर प्लांट से पेयजल सप्लाई की गई। 66 एमएलडी से 9 टंकियों में पानी सप्लाई की जाती है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations