इंदौर 9 अप्रैल
रमजान के पवित्र महीने में एक पति ने पत्नी को तीन तलाक दे दिया। उसने 20 साल पुराना रिश्ता खत्म कर बीवी और दो बच्चों को घर से भी निकाल दिया। खुद खजराना इलाके में अपनी प्रेमिका के साथ रहने चला गया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर पति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, लेकिन उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी।
मामला शहर के सदर बाजार क्षेत्र का है। महिला बुधवार को थाने में तीन तलाक की शिकायत लेकर पहुंची। उसने पुलिस को बताया कि उसके पति के खजराना क्षेत्र में एक महिला से अवैध संबंध हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी मोहम्मद खालिद कुरैशी निवासी हिना पैलेस कॉलोनी खजराना का निकाह जाहिदा बी से हुआ था। दोनों के दो बच्चे भी हैं। मोहम्मद खालिद का बकरे का कारोबार है।
परिवार की भी नहीं मानी, तब केस दर्ज कराने पहुंची जाहिदा
जब जाहिदा को खालिद की प्रेमिका की जानकारी लगी तो उसने पति से इस बारे में सवाल पूछे। इसके बाद दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ। बुधवार को खालिद घर पर आया और दहलीज पर खड़े होकर जाहिदा से तीन बार तलाक कह दिया। इसके बाद जाहिदा को उसके दो बच्चों के साथ घर से निकाल दिया। जाहिदा ने अपने परिवार वालों को इसकी जानकारी दी। परिजनों ने खालिद को समझाया, लेकिन वो किसी की सुनने को तैयार नहीं है। इसके बाद जाहिदा ने उसकी पुलिस में शिकायत कर दी।
15 और 18 साल के दो बेटे
जाहिदा बी ने पुलिस को बताया कि 20 वर्ष पहले उसका निकाह मोहम्मद खालिद से हुआ था। उनके 18 और 15 साल के दो बेटे हैं। जाहिदा का आरोप है कि तीन तलाक कहने के बाद उसके ससुराल पक्ष ने भी उसकी मदद नहीं की।

Facebook Conversations