जांजगीर-चांपा। स्कूलों में शिक्षकों की ऑनलाइन अटेंडेंस व्यवस्था को लेकर एक शिक्षिका का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में शिक्षिका निर्मला कोमल ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने की व्यवस्था पर नाराजगी जाहिर करते हुए शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाती नजर आ रही हैं। उन्होंने शिक्षकों के साथ-साथ अधिकारियों, कलेक्टर और मुख्यमंत्री की भी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने की मांग की है।
ऑनलाइन अटेंडेंस को लेकर जताई नाराजगी
शिक्षिका निर्मला कोमल ने 29 अगस्त को सुबह 10 बजकर 58 मिनट पर बनाए गए वीडियो में खुद को ड्यूटी पर बताते हुए ऑनलाइन अटेंडेंस व्यवस्था पर अपनी नाराजगी जाहिर की। उनका कहना है कि स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए ऐप के जरिए अटेंडेंस इन और आउट की व्यवस्था लागू की गई है।
शिक्षिका के मुताबिक, समय पर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने के लिए शिक्षक-शिक्षिकाओं को कई तरह की परेशानियों का सामना करते हुए स्कूल पहुंचना पड़ता है। उन्होंने दावा किया कि इस दौरान कई बार शिक्षक हादसों का भी शिकार हो जाते हैं, लेकिन इन समस्याओं को लेकर सरकार का ध्यान नहीं है।
अधिकारियों और CM की भी ऑनलाइन हाजिरी की मांग
निर्मला कोमल ने सिर्फ शिक्षकों की ऑनलाइन अटेंडेंस का मुद्दा नहीं उठाया, बल्कि सभी अधिकारी-कर्मचारियों के लिए भी ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था लागू करने की मांग की। उन्होंने कलेक्टर और मुख्यमंत्री की उपस्थिति भी ऑनलाइन दर्ज कराने की बात कही।
उन्होंने मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों की भी जनता द्वारा मॉनिटरिंग किए जाने की बात कहते हुए उन्हें सार्वजनिक करने की अपील की।
“शिक्षकों पर निगरानी करना छोड़ दें”
वायरल वीडियो में शिक्षिका ने मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षकों पर ऐप के माध्यम से निगरानी करना बंद किया जाए। उनका कहना है कि शिक्षक अपना काम जिम्मेदारी से कर रहे हैं। उन्होंने सरकार को दूसरे विभागों की कार्यप्रणाली पर ध्यान देने की सलाह भी दी।
शिक्षिका ने सड़कों से मवेशियों को हटाने की जरूरत पर भी सवाल उठाया और कहा कि सरकार को ऐसे मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।
“डरूंगी नहीं”, व्यवस्था सुधारने की दी चेतावनी
अपने वीडियो में शिक्षिका निर्मला कोमल ने यह भी कहा कि वह अपनी बात रखने से डरने वाली नहीं हैं। उन्होंने व्यवस्था में सुधार की जरूरत बताते हुए सरकार को अगले चुनाव को लेकर भी चेतावनी दी।
फिलहाल शिक्षिका का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और ऑनलाइन अटेंडेंस व्यवस्था को लेकर उनके बयान की चर्चा हो रही है।

Facebook Conversations