नशामुक्त भारत के संदेश के साथ रासेयो का सात दिवसीय शिविर संपन्न, युवाओं से समाज को जागरूक करने की अपील
त्वरित खबरें :भूमिका रिपोर्टिंग

राजनांदगांव। शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का 2 नवंबर 2026 को सत्यानंद योग आश्रम में समापन हुआ। ‘नशामुक्त भारत के लिए युवा’ थीम पर आयोजित इस शिविर में स्वयंसेवकों ने योग, श्रमदान, अनुशासन और सामाजिक जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों में भाग लिया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व उपाध्यक्ष कृषि उपज मंडी राजनांदगांव कोमल सिंह राजपूत ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के शिविर युवाओं को अनुशासन, सेवा और सामूहिकता का महत्व सिखाते हैं। युवा शक्ति को राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए उन्होंने युवाओं से समाज और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष रवि सिन्हा ने कहा कि योग स्वस्थ और संतुलित जीवन का माध्यम है। रासेयो के जरिए युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों को समझने और नशे के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करने का अवसर मिलता है। उन्होंने स्वयंसेवकों से शिविर में सीखे गए संदेशों को अपने घर, मोहल्ले और समाज तक पहुंचाने का आग्रह किया।

प्रभारी प्राचार्य डॉ. ए.एन. माखीजा ने स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने की बात कही। वहीं सत्यानंद योग आश्रम की अध्यक्ष तारिणी मिरानी ने सेवा, श्रमदान और योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया।

इस अवसर पर कोमल साहू ने शांति पाठ कराया और स्वयंसेवकों से शिविर के बाद भी नियमित योग करने तथा अपने परिवार और समाज को इसके प्रति जागरूक करने की अपील की। सत्यानंद योग आश्रम की ओर से सभी स्वयंसेवकों को साहित्य भी भेंट किया गया।

समापन अवसर पर रासेयो अधिकारी डॉ. एस.आर. कन्नौजे ने सात दिनों की गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने सेवा, अनुशासन, योग, श्रमदान और सामाजिक जागरूकता से जुड़े अनुभव प्राप्त किए।

Image

YOUR REACTION?

Facebook Conversations