आर्यन खान ड्रग्स केस में नाम सामने आने के बाद अनन्या पांडे सोशल मीडिया से गायब हो गई थीं। काफी समय बाद वह सोशल मीडिया पर वापस लौट आई हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया है। इस वीडियो में अनन्या कार में बैठी हुई हैं और बाहर आसमान में दिख रहे इंद्रधनुष को दिखा रही हैं। अनन्या ने इस वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा है, हल्की बारिश के बिना इंद्रधनुष नहीं दिख सकता।
अनन्या की इस पोस्ट आर उनकी मां भावना पांडे ने कमेंट सेक्शन में हार्ट इमोजी बनाकर अपना रिएक्शन दिया। एक फैन ने लिखा, अच्छा और बुरा जिंदगी के दो पहलू हैं। इन्हें स्वीकार करना चाहिए। बुरे से हम सीखते हैं और अगर हम ऐसा करते हैं तो हम खुश रहते हैं।
आर्यन और अनन्या के बीच की चैट्स वायरल
पिछले महीने अनन्या को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने तीन बार पूछताछ के लिए अपने ऑफिस बुलाया था। उनके घर रेड भी मारी थी जिसके बाद उनके इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी जप्त कर लिए थे। यह सब कार्यवाही एनसीबी ने क्रूज ड्रग्स केस में आर्यन खान की गिरफ्तारी के बाद की थी। आर्यन खान और अनन्या पांडे के बीच हुई चैट की कुछ डिटेल सार्वजनिक हुई थी। इसमें आर्यन ने अनन्या से पूछा था कि क्या गांजे का कुछ जुगाड़ हो सकता है। इस पर अनन्या ने जवाब दिया था- मैं अरेंज कर दूंगी। NCB ने अनन्या को यह चैट दिखाकर सवाल किया था। इस पर अनन्या ने जवाब दिया कि वे सिर्फ मजाक कर रही थीं। वे सिगरेट को लेकर बात कर रहे थे। यह भी पता चला था कि NCB ने जैसे ही पूछताछ शुरू की, अनन्या रोने लगीं। इसके बाद उन्हें पानी दिया गया और फिर सवाल किए गए।
एनसीबी के हाथ लगी अनन्या की चैट्स 2018 की हैं
आर्यन के पास से बरामद चैट्स में से ज्यादातर 2018 से 2019 के बीच की हैं। यह भी जानकारी सामने आई है कि चैट्स में उनकी और अनन्या के बीच गांजे को लेकर बात हुई थी। दोनों के फोन को सीज कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया था। एक अन्य चैट में वो आर्यन से कहती हैं कि उन्होंने गांजा पहले ट्राई किया है, लेकिन वो फिर से ट्राई करना चाहती हैं।
अनन्या के पास हैं ये फिल्में
अनन्या की पिछली फिल्म ईशान खट्टर के साथ 'खाली पीली' थी। अभी उनके पास तीन फिल्में हैं जिसमें से एक साउथ स्टार विजय देवराकोंडा के साथ है जिसका नाम 'लाइगर' है। इस फिल्म के अलावा अनन्या के पास शकुन बत्रा की एक अनाम फिल्म भी है जिसमें वह दीपिका पादुकोण और सिद्धांत चतुर्वेदी के साथ नजर आएंगी। इसके अलावा अनन्या सिद्धांत चतुर्वेदी के साथ फिल्म 'खो गए हम कहां' में भी नजर आएंगी।

Facebook Conversations