नागपुर के माया अस्पताल को स्वास्थ्य विभाग ने किया बैन,
त्वरित ख़बरें - प्रारंभिक जांच में ही अस्पताल के फर्जीवाड़े का भांडा फूटा,

राजधानी रायपुर सहित राज्य के कई शहरों की फैक्ट्रियों में घूम-घूमकर लाखों श्रमिकों को हेल्थ सर्टिफिकेट बांटने वाले नागपुर के माया अस्पताल को स्वास्थ्य विभाग ने बैन कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग की कमेटी ने अस्पताल के सिस्टम की जांच की।

प्रारंभिक जांच में ही अस्पताल के फर्जीवाड़े का भांडा फूट गया और पता चला कि घातक रेडिएशन वाली एक्स-रे मशीन को बस में रखकर फैक्ट्रियों में ले जाया जाता रहा और बिना सुरक्षा इंतजामों के श्रमिकों का एक्स-रे भी लिया गया। जबकि अस्पताल ने रेडिएशन सेफ्टी का सर्टिफिकेट ही नहीं लिया। यही नहीं, श्रमिकों को हेल्थ सर्टिफिकेट जारी करने की श्रम विभाग से अनुमति भी अस्पताल के पास नहीं थी।

माया अस्पताल औद्योगिक क्षेत्रों में पिछले 4 साल से श्रमिकों को हेल्थ सर्टिफिकेट बांट रहा था।  विभाग ने अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी कर सभी लीगल दस्तावेज मांगे। माया अस्पताल प्रबंधन ने जिस लग्जरी बस को चलता-फिरता लैब बनाया था, उसे भी जांच के लिए बुलवाया गया। अस्पताल प्रबंधन के जिम्मेदार न खुद उपस्थित नहीं हुए, और न ही उन्होंने कमेटी के सामने अपनी बसें भेजीं। उन्होंने मेल से कुछ दस्तावेज भेज दिए।

अस्पताल प्रबंधन द्वारा भेजे गए दस्तावेजों के परीक्षण से स्पष्ट हो गया कि माया अस्पताल प्रबंधन गैर कानूनी तरीके से एक्स-रे मशीन बस में रखकर जगह-जगह ले जा रहा था, जबकि इस मामले में रेडिएशन सेफ्टी एक्ट बेहद सख्त हैं।

हेल्थ एंड सेफ्टी विभाग को चिट्‌ठी

स्वास्थ्य विभाग की ओर से हेल्थ एंड सेफ्टी विभाग को चिट्‌ठी लिखकर अलर्ट कर दिया गया है। कहा गया है कि अब माया अस्पताल किसी भी फैक्ट्री के श्रमिकों का सर्टिफिकेट जमा करे तो उसे स्वीकार न किया जाए। ये जानकारी भी दे दी गई है अस्पताल को मापदंडों का पालन नहीं करने के कारण बैन कर दिया गया है। इसी तरह का पत्र श्रम विभाग को भी भेजकर सूचित कर दिया गया है।

अब इन बिंदुओं पर जांच चल रही
1.नर्सिंग होम एक्ट का रजिस्ट्रेशन बस में चलने वाले लैब के लिए जरूरी या नहीं?
2.माया अस्पताल प्रबंधन ने अब तक जितने हेल्थ सर्टिफिकेट बांटे, क्या उन्हें रद्द करेंगे?
3.चार साल में माया अस्पताल प्रबंधन ने कितने श्रमिकों को सर्टिफिकेट बांटे?
4.जितने सर्टिफिकेट बांटे, उनमें कितने को किया फिट और कितने को अनफिट?

YOUR REACTION?

Facebook Conversations