दुर्ग, जिले के ग्राम मुड़पार की होनहार छात्रा रुचिका यादव ने कक्षा 12वीं की परीक्षा में 95.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र और समाज का नाम रोशन किया है। उनकी इस शानदार सफलता पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है और विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा उन्हें शुभकामनाएं दी जा रही हैं। अपनी इस उपलब्धि के बाद रुचिका यादव ने प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं स्कूल शिक्षा मंत्री Gajendra Yadav से सौजन्य मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान शिक्षा मंत्री ने रुचिका की मेहनत, लगन और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों को हरसंभव प्रोत्साहन और सहयोग मिलना चाहिए, ताकि वे उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने सपनों को साकार कर सकें। मंत्री ने रुचिका की आगे की पढ़ाई में सहयोग करने का भरोसा भी दिया और कहा कि प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं समाज की अमूल्य धरोहर होते हैं। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनती है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों में भी अपार प्रतिभा है, जिसे सही मार्गदर्शन और सहयोग मिलने पर वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने रुचिका से पूरी लगन और आत्मविश्वास के साथ आगे की पढ़ाई जारी रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर यादव ठेठवार समाज के अनेक पदाधिकारी और सदस्य भी उपस्थित रहे। इनमें प्रांतीय युवाध्यक्ष परमानंद यादव, प्रदेश महासचिव नरोत्तम यदु, दुर्ग राज अध्यक्ष राजकुमार यादव, नगर अध्यक्ष मुकेश यादव, कार्यकारी अध्यक्ष गोविंदा लखन यादव, महेश ठेठवार तथा अनिकेत सहित अन्य गणमान्यजन शामिल थे। सभी ने रुचिका यादव की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रुचिका यादव की यह उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। सीमित संसाधनों के बावजूद कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने यह सफलता हासिल की है। उनकी मेहनत और लगन यह साबित करती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास निरंतर किए जाएं तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।

Facebook Conversations