रायपुर- हमर अस्पताल राजा तालाब रायपुर में सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन कार्यक्रम के दौरान एक जुलाई को उप मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिहदेव के कर कमलो से स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग जिला रायपुर में गर्भवती माताओं को दी जाने वाली महतारी टोकरी का शुभारंभ किया गया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग जिला रायपुर द्वारा प्रदान की जाने वाली महतारी टोकरी पूर्ण रूप से गर्भवती माताओं के लिये विभिन्न प्रकार के संदेश के साथ विकसित की गई है।
शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में प्रत्येक पंजीकृत होने वाली गर्भवती माताओं को गर्भावस्था एवं प्रसव के 06 माह पश्चात तक ली जाने वाली फोलिक एसिड, आयरन तथा कैल्शियम की गोलियों तथा अन्य आवश्यक दवाईयों को निःशुल्क प्रदान किया जायेगा। इन गोलियों को गर्भावस्था की अवधि के अनुरूप लिया जाना है जैसे कि गर्भावस्था के दौरान प्रथम तीमाही में प्रतिदिन फोलिक एसिड की एक गोली तथा गर्भावस्था के चौथे महीने से प्रसव पश्चात छः माह तक शरीर में हीमोग्लोबिन की मात्रा के अनुसार प्रतिदिन आयरन की गोलिया ली जानी है। 11 ग्राम या उससे अधिक हीमोग्लोबिन होने पर प्रतिदिन आयरन की एक गोली तथा 10.9 ग्राम हिमोग्लोबिन या उससे कम होने पर प्रतिदिन आयरन की दो गोलिया लिया जाना चाहिए। साथ ही गर्भावस्था के चौथे माह से प्रसव के छः माह पश्चात तक प्रतिदिन कैल्शियम की दो बार एक-एक गोली सुबह-शाम लिया जाना चाहिए। गर्भावस्था की प्रथम तिमाही के पश्चात प्रत्येक गर्भवती माता को एल्बेन्डाजॉल की भी एक गोली का लिया जाना आवश्यक है। उपरोक्त दवाईयों के सही सेवन की सलाह के साथ दवा सेवन के स्वयं आकलन कार्ड, पोषण आहार, स्वाच्छता के नियम, गर्भावस्था के दौरान उचित वजन बढ़ने की जानकारी, गर्भावस्था के दौरान किसी भी प्रकार की जटिलता, प्रसव तथा प्रसव पश्चात् जटिलता, नवजात एवं 01 वर्ष तक के शिशु को किसी भी गंभीर स्थिति में शासकीय अस्पताल जाने तथा अस्पताल से छुट्टी होने पर निःशुल्क घर पहुँचाने हेतु परिवाहन, जननी सुरक्षा योजना, जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम की जानकारी प्रदान की गई है। स्वस्थ्य गर्भावास्था एवं मातृ मृत्यु को रोकने में यह महतारी टोकरी मददगार साबित होगी। साथ ही प्रथम तिमाही में शत-प्रतिशत गर्भ पंजीयन को की दर को बढ़ाने में, गर्भावस्था के दौरान उच्च जोखिम प्रसव की पहचान तथा आपात स्थिति में परिवार को निर्णय लिये जाने के लिये उपयोगी साबित होगी।
इस अवसर पर संसदीय क्षेत्र रायपुर के सांसद सुनील सोनी, पूर्व विधायक नंदकुमार साहू, क्षेत्रीय पार्षद आकाश तिवारी, कोमल परदेसी, सचिव, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग छग, संचालक स्वास्थ्य सेवायें छग, भास्कर विलास संदीपन, मिशन संचालक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन छग, डॉ एसके पामभोई संयुक्त संचालक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला रायपुर डॉ.मिथिलेश चौधरी, जिला एमसीएच नोडल डॉ प्रीति नारायण एवं अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Facebook Conversations