मेडिकल में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा के लिए छत्तीसगढ़ में तीन जिला अस्पतालों को मान्यता
त्वरित ख़बरें - रायपुर जिला अस्पताल को जनवरी 2022 से दिसम्बर 2026 तक के लिए DNB की कुल छह सीटों की मान्यता मिली है

मेडिकल में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा के लिए छत्तीसगढ़ के पास तीन नए ठिकाने हो गए हैं। नेशनल बोर्ड ऑफ एक्जामिनेशन इन मेडिकल एजुेकेशन (NBEMS) ने रायपुर, कांकेर और सूरजपुर के जिला अस्पतालों को पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल डिप्लोमा कोर्स - DNB (डिप्लोमेट ऑफ नेशनल बोर्ड) की मान्यता दी है। अभी तक यह कोर्स केवल दुर्ग जिला अस्पताल में मौजूद था।

इन सभी अस्पतालों को पांच-पांच वर्ष के लिए इस कोर्स की अनुमति दी गई है। रायपुर जिला अस्पताल को जनवरी 2022 से दिसम्बर 2026 तक के लिए DNB की कुल छह सीटों की मान्यता मिली है। इनमें पिडियाट्रिक्स की तीन, प्रसूति एवं स्त्री रोग के दो और फैमिली मेडिसीन की एक सीट शामिल है। कांकेर जिला अस्पताल को जनवरी 2022 से दिसम्बर 2026 तक के लिए नेत्र रोग में एक सीट और सूरजपुर जिला अस्पताल को जनवरी 2021 से दिसम्बर 2025 तक स्त्री एवं प्रसूति रोग में एक सीट के लिए मान्यता मिली है। इस तरह आठ सीटों पर इस साल प्रवेश हो पाएंगे। अभी तक नेशनल बोर्ड ऑफ एक्जामिनेशन्स ने दुर्ग जिला अस्पताल को ENT और पिडियाट्रिक्स में दो-दो सीटों के लिए DNB की मान्यता दी हुई है।

क्या है यह DNB कोर्स

अधिकारियों ने बताया, डिप्लोमेट ऑफ नेशनल बोर्ड (DNB) नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन (NBE) से मिलने वाली एक मेडिकल डिग्री है। यह पाठ्यक्रम भारत सरकार द्वारा अनुमोदित है और इसे देश भर के मेडिकल कॉलेजों में चल रहे स्नातकोत्तर और पोस्ट-डॉक्टरल कार्यक्रमों के समकक्ष माना जाता है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations