लाल किले से PM मोदी का बड़ा संदेश: ‘अब भारत छोटे सपनों से नहीं चलेगा’, आत्मनिर्भरता पर दिया जोर...
त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

नई दिल्ली। देश आज 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐतिहासिक लाल किले की प्राचीर पर तिरंगा फहराया और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। यह लगातार 13वीं बार है, जब प्रधानमंत्री मोदी ने लाल किले पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह की खास बात यह रही कि लाल किले पर पहली बार आधिकारिक रूप से ‘वंदे मातरम’ का गायन हुआ। राष्ट्रीय गीत के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सेना के बैंड ने इसकी धुन प्रस्तुत की। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और 21 तोपों की सलामी दी गई। भारतीय वायुसेना के हेलिकॉप्टरों से पुष्पवर्षा भी की गई।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में आत्मनिर्भर भारत पर जोर देते हुए कहा कि भारत को अब दूसरे देशों पर निर्भर रहने के बजाय अपने सामर्थ्य के दम पर आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि देश अब छोटे सपनों से चलने वाला नहीं है, बड़े सपने हमारी सोच का विस्तार करते हैं और हमारे संकल्प दृढ़ होने चाहिए।

प्रधानमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि देश उनकी कुर्बानियों को कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने कहा कि कोई भी देश तब महान बनता है, जब वह अपने सपनों को संकल्प और सामर्थ्य के साथ पूरा करता है।

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने पिछले 12 वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि डिफेंस प्रोडक्शन चार गुना, खादी और ग्रामोद्योग पांच गुना, जबकि इलेक्ट्रिक मैन्युफैक्चरिंग सात गुना बढ़ी है। रेलवे कोच निर्माण में 21 गुना, मोबाइल फोन उत्पादन में 33 गुना और इंटरनेट यूजर्स की संख्या में चार गुना वृद्धि होने की बात कही।

पीएम मोदी ने डिजिटल भारत की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि डिजिटल ट्रांजेक्शन 100 गुना बढ़े हैं। इसके साथ ही नल से जल कनेक्शन, गैस कनेक्शन, शौचालय निर्माण और गरीबों के लिए आवास उपलब्ध कराने की गति में भी कई गुना बढ़ोतरी हुई है।

‘वोकल फॉर लोकल’ से आत्मनिर्भरता को बढ़ावा

प्रधानमंत्री ने ‘मेक इन इंडिया’, ‘स्वदेशी’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ को देश की आत्मनिर्भरता से जोड़ते हुए कहा कि अब इन विचारों से हर भारतीय का जुड़ाव बढ़ रहा है।

उन्होंने सेमीकंडक्टर निर्माण को भारत की आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में सेमीकंडक्टर प्लांट लगाए गए हैं और तीन प्लांट शुरू हो चुके हैं, जहां से निर्यात भी शुरू हो गया है।

पीएम मोदी ने कहा कि आज दुनिया के लगभग हर क्षेत्र में चिप की जरूरत है और इसके बिना आधुनिक अर्थव्यवस्था की गति प्रभावित हो सकती है। ऐसे में भारत का अपने स्तर पर सेमीकंडक्टर निर्माण की दिशा में आगे बढ़ना आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करता है।

प्रधानमंत्री ने देशवासियों से बड़े लक्ष्य तय करने, आत्मनिर्भर बनने और भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का आह्वान किया।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations