कंगना रनोट विवादों के बीच 'तेजस' की रैप-अप पार्टी में पहुंचीं, सामने आई मस्ती करते हुए फोटोज
त्वरित खबरे

एक्ट्रेस कंगना रनोट इन दिनों 2014 में मिली आजादी वाले अपने बयान पर विवादों में घिरी हुई हैं। इस बीच कंगना ने अपनी अपकमिंग फिल्म 'तेजस' की शूटिंग पूरी कर ली है। इस बात की जानकारी कंगना ने खुद सोशल मीडिया पर फिल्म की रैप-अप पार्टी से अपनी कुछ फोटोज और वीडियो शेयर कर दी है। कंगना इस वीडियो में डांस करते नजर आ रही हैं। इस पर लोग उन्हें जमकर ट्रोल कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि अपने आजादी वाले बयान से विवादों में घिरने के बाद भी कंगना को कोई फर्क नहीं पड़ता है।

कंगना रनोट ने रैप-अप पार्टी के अपने लुक की कुछ फोटोज शेयर कर लिखा, "हमारे प्यारे प्रोड्यूसर ने 'तेजस' की रैप-अप पार्टी दी है। दूसरे फोटो के कैप्शन में उन्होंने लिखा, "इन कैप्शन को बनाते समय मेरे पास हमेशा शब्दों की कमी होती है...कृपया सुझाव दें...।" तीसरे फोटो शेयर कर कंगना ने लिखा, "मेरे सिर में एक गाना बज रहा है ... मेरे महबूब तुझे मेरी मोहब्बत की कसम।"

कंगना रनोट नफरत और असहिष्णुता की एजेंट हैं
फिल्म की रैप-अप पार्टी से कंगना की इन फोटोज और डांस वीडियो पर कमेंट कर लोग उन्हें ट्रोल कर खरी-खोटी सुना रहे हैं। वहीं महात्मा गांधी के पड़पौत्र तुषार गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर एक्ट्रेस को नफरत का एक एजेंट बताया है। उन्होंने लिखा कि पद्मश्री कंगना रनोट नफरत और असहिष्णुता की एजेंट हैं। उन्हें लगता है कि भारत को आजादी 2014 में मिली, यह हैरानी की बात नहीं है। नफरत, असहिष्णुता, दिखावा देशभक्ति और उत्पीड़न को भारत में 2014 में आजादी मिली।

कंगना ने क्या कहा जिस पर विवाद
एक राष्ट्रीय मीडिया नेटवर्क के वार्षिक शिखर समिट में कंगना गेस्ट स्पीकर थीं। इस दौरान उन्होंने भारत के स्वतंत्रता संग्राम के बारे में सावरकर, लक्ष्मीबाई और नेताजी बोस को याद करते हुए कहा था- ये लोग जानते थे कि खून बहेगा, लेकिन यह हिंदुस्तानी खून नहीं होना चाहिए। वे इसे जानते थे। बेशक, उन्हें एक पुरस्कार दिया जाना चाहिए। वह आजादी नहीं थी, वो भीख थी। हमें 2014 में असली आजादी मिली है।

YOUR REACTION?

Facebook Conversations